अनिल कुमार खींची
आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए जयपुर में हुआ सम्मान
ब्यावर ।स्मार्ट हलचल|11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुष विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में श्री चांदमल मोदी राजकीय जिला आयुष चिकित्सालय, ब्यावर के प्रधान आयुर्वेद चिकित्साधिकारी प्रभारी डॉ. पारस चौहान को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए राज्य स्तरीय धन्वन्तरि पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया।जयपुर के पृथ्वीराज सभागार में आयोजित समारोह में आयुष विभाग के उच्च अधिकारियों ने डॉ. चौहान को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया। डॉ. चौहान को ब्यावर जिले में रोगियों को लाभान्वित करने, आयुर्वेद चिकित्सा के प्रचार-प्रसार तथा समर्पित सेवाओं के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
डॉ. चौहान के प्रयासों से आरजीएचएस औषधि दवा काउंटर शुरू कराने के साथ मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना एवं डे-केयर आरजीएचएस के तहत रोगियों को भर्ती कर उपचार का लाभ दिलाया गया।
पुरस्कार मिलने पर डॉ. चौहान ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि जिला आयुष चिकित्सालय एवं जिला आयुष कार्यालय ब्यावर परिवार तथा आयुर्वेद पर विश्वास रखने वाले सभी रोगियों का सम्मान है।
सम्मान मिलने पर जिला आयुष कार्यालय ब्यावर के सहायक निदेशक डॉ. सीपी सेन सहित ईश्वर परिहार, रविन्द्र सिंह चौहान, हिमांशु शर्मा, हुकम सिंह, धर्मीचंद रेगर एवं भंवर सिंह सहित चिकित्सालय स्टाफ ने डॉ. चौहान का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। पायल दाधीच, शोभा कंवर, ममता एवं सुषमा कंवर सहित अन्य ने पुष्पमाला भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।