वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर आदर्श विद्या मंदिर में गूंजा राष्ट्रगीत

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव के तहत आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय ब्यावर में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आदर्श विद्या मंदिर सहित ब्यावर शहर के विभिन्न राजकीय एवं निजी संपर्क विद्यालयों के आचार्य-दीदी, विद्यार्थी एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रधानाचार्य नवीन कुमार सैनी ने बताया कि कार्यक्रम में 384 आचार्य-दीदी तथा 17,389 से अधिक विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सस्वर गायन किया गया। देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो गया।

मुख्य वक्ता डॉ. अनिरुद्ध शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, नई प्रेरणा और नव-स्फूर्ति का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि बचपन से ही बच्चों में देशभक्ति की भावना विकसित होने से वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्य अतिथि गणपत बालोटिया ने ‘वन्दे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व एवं राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश चंद्र भराडिया ने की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य नवीन कुमार सैनी सहित विद्यालय के आचार्य-दीदी, विद्यार्थी, अभिभावक एवं अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के कल्याण एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में ममता शर्मा, हिमांशु अवस्थी, संजय सांगेला सहित सभी आचार्य-दीदी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।