कद्दू की आड़ में 200.840 किलो डोडा पोस्त की तस्करी, एक गिरफ्तार

विजयनगर पुलिस ने मिनी ट्रक किया जब्त, 15 कट्टों में छिपाकर ले जा रहा था मादक पदार्थ

अनिल कुमार खींची

ब्यावर/विजयनगर। स्मार्ट हलचल|अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विजयनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 200.840 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मिनी टाटा ट्रक जब्त कर पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कद्दू की आड़ में डोडा पोस्त की तस्करी कर रहा था।जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृताधिकारी मसूदा शिवराज सिंह के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी राजवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 24 सितंबर को एएनटीएफ भीलवाड़ा की सूचना पर नाकाबंदी की। इस दौरान मिनी टाटा ट्रक नंबर HR 55 AB 9766 को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक में भरे कद्दू के नीचे छिपाकर रखे 15 कट्टों में डोडा पोस्त चूरा मिला। वजन करने पर कुल 200.840 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ एवं तस्करी में प्रयुक्त मिनी टाटा ट्रक को जब्त कर चालक कुलदीप सिंह (35) पुत्र जसवंत सिंह निवासी दलमीर खेड़ा, तहसील अबोहर, थाना खुुइयां सरवर, जिला फाजिल्का, पंजाब को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास डोडा पोस्त के परिवहन के लिए कोई वैध अनुज्ञापत्र या लाइसेंस नहीं था। इस संबंध में पुलिस थाना विजयनगर में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस द्वारा मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों एवं नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम: थानाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक राजवीर सिंह, कांस्टेबल नीरज शर्मा (402), कांस्टेबल विजय सिंह (973), कांस्टेबल राजवीर (521) तथा चालक कांस्टेबल राधेलाल (718) शामिल रहे।