उदेई मोड़ से फव्वारा चौक तक श्रद्धालुओं का रेला, छतों पर घंटों डटे रहे लोग — डीजे, ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरके युवा, झांकियां और अखाड़ेबाजों के करतब रहे आकर्षण का केंद्र
गंगापुर सिटी।स्मार्ट हलचल|भगवान गणेश की भक्ति और आस्था के रंग में शुक्रवार को पूरा गंगापुर सिटी सराबोर नजर आया। श्री गणेश महोत्सव समिति की ओर से गणेश विसर्जन के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उदेई मोड़ से लेकर फव्वारा चौक तक यात्रा मार्ग पर चारों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। लोग भगवान गणेश की एक झलक पाने के लिए घंटों पहले ही घरों की छतों, दुकानों और मार्ग के दोनों ओर डट गए।
शोभायात्रा सुबह करीब 11 बजे पुरानी अनाज मंडी से शुरू हुई। इससे पूर्व पंडितों द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद फूलों से सजे भव्य रथ में गणेश प्रतिमा को विराजमान कर शोभायात्रा रवाना हुई। कोली पाड़ा सहित शहर की विभिन्न कॉलोनियों से निकली गणेश प्रतिमाएं भी व्यापार मंडल तिराहे पर मुख्य शोभायात्रा में शामिल हुईं। इसके बाद शोभायात्रा ने विशाल रूप ले लिया।
डीजे और ढोल-नगाड़ों पर थिरके युवा
शोभायात्रा में डीजे, बैंडबाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवा जमकर नाचते-गाते नजर आए। जगह-जगह युवाओं और श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयघोष लगाए। जयकारों से पूरा शहर गणपतिमय हो उठा। कई स्थानों पर शहरवासियों ने शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। मार्ग में जगह-जगह जलपान, ठंडाई और अल्पाहार की व्यवस्थाएं भी की गईं।
झांकियां, घोड़े-ऊंट और अखाड़ेबाजों ने मोहा मन
शोभायात्रा में देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं घोड़े-ऊंट और अखाड़ेबाजों द्वारा प्रस्तुत किए गए करतबों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मार्ग के दोनों ओर जमा रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में शोभायात्रा को लेकर उत्साह नजर आया। श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लेते रहे।
शोभायात्रा व्यापार मंडल, देवी स्टोर चौराहा, खारी बाजार, बालाजी चौक, घास मंडी, पटवा बाजार, सब्जी मंडी, बद्रीनाथ मंदिर, पुरानी नगर पालिका, मालगोदाम रोड, सोनी चौराहा, बजरिया, कचहरी रोड, फव्वारा चौक और उदेई मोड़ होते हुए सालोदा-कैलादेवी मंदिर पहुंची। रास्ते में कई मंदिरों पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई।
टीनशेड के कारण कुछ देर रुका रथ
चौपड़ के पास दुकानों के आगे लगे टीनशेड के कारण गणेश प्रतिमा के रथ को आगे निकालने में परेशानी हुई। इससे कुछ समय के लिए शोभायात्रा की गति प्रभावित हुई। आयोजकों और अन्य लोगों ने काफी प्रयास के बाद रथ को सावधानीपूर्वक धीरे-धीरे आगे निकाला, जिसके बाद शोभायात्रा पुनः अपने मार्ग पर आगे बढ़ी।
सुहावने मौसम के बीच देर शाम रवाना हुई विसर्जन यात्रा
दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि शोभायात्रा में उमड़ी भीड़ और लगातार नाचते-गाते चलने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु पसीने से भीगे नजर आए। पूरे मार्ग में भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। देर शाम गणेश प्रतिमा की विसर्जन यात्रा कैलादेवी कालीसिल के लिए रवाना हुई।
पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद
विशाल शोभायात्रा को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। एडीएम सुदर्शन सिंह तोमर, एसडीएम विनोद कुमार, एएसपी नारायण शर्मा, तहसीलदार सुनील बिश्नोई, थानाधिकारी करण सिंह राठौड़, नगर परिषद आयुक्त दीपक चौहान सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे।