श्री श्याम मित्र मंडल की चतुर्थ भाव निशान पदयात्रा विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रवाना, हलेना पहुंचकर हुआ विशाल भंडारा
नीरज मीणा
महुवा स्मार्ट हलचल/श्री श्याम मित्र मंडल सब्जी मंडी महुवा के तत्वावधान में शुक्रवार को महुवा से श्री खाटू श्याम जी मंदिर हलेना धाम की चतुर्थ निशान पदयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के महुवा नगर पालिका के अध्यक्ष विनीत बंसल के साथ हजारों पद यात्रियों के साथ रवाना हुई। पदयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में श्री खाटू श्याम बाबा के निशान एवं ध्वज लेकर पदयात्रा में शामिल हुए।
पदयात्रा की शुरुआत पुरानी तहसील स्थित श्री गिरिराज जी मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद महुआ नगर पालिका के अध्यक्ष विनीत बंसल सहित अन्य श्रद्धालुओं के साथ हेलेना स्थित खाटू श्याम मंदिर के लिए रवाना हुई। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के जयकारों के साथ यात्रा का शुभारंभ किया। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई और पूरा मार्ग ‘श्याम बाबा की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।
एक रुपए शुल्क में निकली भव्य पदयात्रा
श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से आयोजित इस पदयात्रा में श्रद्धालुओं के लिए यात्रा शुल्क मात्र एक रुपए रखा गया। आयोजन को लेकर मंडल के कार्यकर्ताओं ने पहले से ही व्यापक तैयारियां की थीं। पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए रास्ते में जगह-जगह जलपान, नाश्ते एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई।
श्रद्धालुओं का तस्वीर भेंट कर किया स्वागत
पदयात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से यात्रियों को श्री खाटू श्याम बाबा की तस्वीर भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। जलपान एवं नाश्ते की व्यवस्थाओं के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया। कई स्थानों पर श्याम भजनों और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
हाथों में निशान, जुबां पर बाबा श्याम के जयकारे
पदयात्रा की सबसे खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में श्याम बाबा के निशान और ध्वज लेकर चल रहे थे। महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ पदयात्रा में भाग लिया। श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कई श्रद्धालु भजनों पर झूमते और नाचते हुए यात्रा में आगे बढ़ते नजर आए।
हलेना पहुंचने पर विशाल भंडारे का आयोजन
पदयात्रा हलेना स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर धाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।
आयोजकों ने बताया कि इस धार्मिक पदयात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बाबा श्याम की भक्ति से जोड़ना और सामूहिक रूप से धार्मिक आस्था एवं भाईचारे का संदेश देना है। पदयात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हर तरफ श्याम ध्वज और निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे महुवा से लेकर हलेना तक का माहौल पूरी तरह श्याममय नजर आया।