अरवड़@-स्मार्ट हलचल|निकटवर्ती रूपपुरा गांव में शनिवार को पूर्णिमा के अवसर पर तेजाजी महाराज के स्थान पर एक दिवसीय मेला श्रद्धा और उल्लास के साथ भरा। मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही तेजाजी महाराज के स्थान पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने तेजाजी महाराज की विशेष पूजा-अर्चना कर धूप, अगरबत्ती, नारियल व प्रसाद चढ़ाया तथा परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। मेले के उपलक्ष्य में तीन दिन तक रात्रि में तेजाजी महाराज के खेल का आयोजन हुआ। इसमें श्रद्धालुओं ने देर रात तक भाग लेकर आयोजन का आनंद लिया। मेले में अलगोजा कलाकारों ने अलगोजा वादन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं मिठाई, चाट-पकौड़ी, खिलौने सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गईं। चाट-पकौड़ी व मिठाई की दुकानों पर लोगों की खासी भीड़ रही। महिलाओं ने घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी की, जबकि खिलौनों की दुकानों पर बच्चों का जमावड़ा लगा रहा। श्रद्धालुओं ने खरीदारी के साथ परिवार सहित मेले का आनंद लिया।