जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में चार फाइनल में विजेता टीमों ने मारी बाजी 17 व 19 वर्ष आयु वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

अरवड़@- स्मार्ट हलचल|नई अरवड़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय 17/19 वर्ष छात्र कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को चार फाइनल मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में जिलेभर की ब्लॉक विजेता एवं चयनित 24 टीमों के करीब 280 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता 24 से 27 सितंबर तक आयोजित की जा रही है। आयोजक विद्यालय के शारीरिक शिक्षक केसर सिंह चौहान ने बताया कि शनिवार को 17 व 19 वर्ष आयु वर्ग में ए व बी वर्ग के चार फाइनल मुकाबले खेले गए। 19 वर्ष ए वर्ग में आरजिया और ढिकोला के बीच हुए फाइनल मुकाबले में ढिकोला की टीम विजेता रही। वहीं 19 वर्ष बी वर्ग में शाहपुरा-बनेड़ा ब्लॉक और आसींद-करेड़ा-हुरड़ा ब्लॉक की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें शाहपुरा-बनेड़ा की टीम ने जीत दर्ज की। इसी प्रकार 17 वर्ष ए वर्ग में ककरोलिया घाटी और थलकला के बीच हुए फाइनल मुकाबले में ककरोलिया घाटी की टीम विजेता रही। 17 वर्ष बी वर्ग में जहाजपुर-कोटड़ी और मांडल-सुवाणा के बीच फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें जहाजपुर-कोटड़ी की टीम ने बाजी मारी। चारों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों का शुभारंभ शनिवार को शारीरिक जिला शिक्षा अधिकारी दशरथ पुरी एवं कादिसहना विद्यालय के प्रधानाचार्य धारा सिंह मीणा ने खेल मैदान में खिलाड़ियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर कराया। दशरथ पुरी ने खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना, निष्पक्षता एवं प्रतियोगिता के नियमों की पालना करते हुए पूरे उत्साह के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मुकाबले की शुरुआत करवाई।