आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित

(बिन्टू कुमार)

नारायणपुर |स्मार्ट हलचल|विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत शनिवार को नगरपालिका मंडल कार्यालय में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तहसील क्षेत्र के करीब 115 आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में फल, सब्जी, दाल, मोटा अनाज सहित विभिन्न पोषण सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई। लाभार्थियों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। लाभार्थियों का पोषण थीम पर रंगोली सजाकर और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को चेयरमैन मन्नी देवी, वाइस चेयरमैन मीना यादव एवं सुपरवाइजर वंदना सिंह तंवर ने प्रशस्ति पत्र और पौधा देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने पोषण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। इस मौके पर सरोज मीणा, मीरा सैन, विजय लक्ष्मी, ज्योति शर्मा, शीला देवी, सुमित्रा देवी, पिंकी मीणा, भरफाई गुप्ता, पूनम यादव सहित अनेक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा सहयोगिनी मौजूद रहीं।