48 दीपकों से गूंजा भक्तामर महापाठ, आज सामूहिक क्षमा याचना और जिनालयों में होंगे अभिषेक

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर शुक्रवार को अजमेर रोड स्थित श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में 48 दीपकों से संगीतमय ऋद्धि-सिद्धि भक्तामर महापाठ का भव्य आयोजन हुआ। विद्वान पंडित घनश्यामदास शास्त्री के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ लिया।मंदिर अध्यक्ष संजय रावका एवं मंत्री संजय गंगवाल ने बताया कि आरती के बाद भक्तामर महापाठ हुआ। 48 दीपकों की रोशनी, भक्ति गीतों एवं मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ की आराधना कर सुख-शांति एवं मंगल की कामना की। आयोजन में मंजूलता रांवका परिवार, शोभारानी गंगवाल (टोपीवाला परिवार), वीरेंद्र गोधा परिवार, मैना देवी पाटनी परिवार, डॉ. हर्षवर्धन भगत परिवार तथा पदमचंद कासलीवाल परिवार (जयपुर) सहित पुण्यार्जक परिवारों ने सहभागिता की।

इधर, आज श्री दिगंबर जैन पंचायत नसियां में सामूहिक क्षमा याचना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समाज प्रवक्ता अमित गोधा ने बताया कि कार्यक्रम में समाजबंधु वर्षभर में जाने-अनजाने में हुई भूल-चूक के लिए एक-दूसरे से क्षमा याचना करेंगे।

रविवार दोपहर शहर के विभिन्न जिनालयों में भगवान श्रीजी का रजत कलशों से अभिषेक होगा। अभिषेक शांतिनाथ मंदिर हाउसिंग बोर्ड से शुरू होकर आदिनाथ मंदिर सुधा सागर कॉलोनी, पार्श्वनाथ मंदिर गांधी नगर, छावनी मंदिर, सरावगी बड़ा मंदिर, चैत्यालय मंदिर, सेठजी की नसियां और श्री दिगंबर जैन पंचायती नसियां तक होगा। शाम को पंचायती नसियां में सकल जैन समाज की सामूहिक क्षमा याचना होगी।