बाड़मेर में 37वीं अखिल भारतीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

(चिमु धतरवाल)

बाड़मेर । स्मार्ट हलचल|आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक बाड़मेर में 25 सितंबर से 37वीं अखिल भारतीय खेल प्रतियोगिता बेसबॉल एवं सॉफ्टबॉल का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर क्षेत्र, मध्य क्षेत्र एवं राजस्थान क्षेत्र की 12 टीमों के करीब 500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने ध्वजारोहण एवं मार्चपास्ट में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक मनोहर जी बंसल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मातृभाषा पर गर्व करने तथा हिंदी और संस्कृत का सम्मान करने का संदेश दिया। मुख्य वक्ता एवं पर्यवेक्षक शिवानंद जी सिंह ने खेलों को अनुशासन, टीम भावना, परिश्रम एवं राष्ट्रभक्ति विकसित करने का माध्यम बताया।
इस अवसर पर अंबालाल जोशी, महादेव, भभूत सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, प्रधानाचार्य चेतनानंद बोहरा, जिला सचिव बलदेव व्यास, सुनील बोहरा, बालोतरा सचिव कैलाश शर्मा एवं जितेंद्र जोशी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
‘नमामि भारतम्’ में रंगारंग प्रस्तुतियां
26 सितंबर को विद्यालय में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। अध्यक्षता रणवीर जी भादू एवं जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम ने की। कार्यक्रम में छात्राओं के नृत्य-गीत, सामूहिक गीत, योगासन, शारीरिक क्षमता प्रदर्शन तथा भगत सिंह और अमृता देवी पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम में विद्यालय के अभिभावकों के साथ उत्तर, मध्य एवं राजस्थान क्षेत्र के खिलाड़ी भैया-बहनों ने भी भाग लिया।