निर्वाचन आयोग के घेराव में सुलक्षणा शर्मा ने जताया विरोध

अनिल कुमार खींची

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस बल प्रयोग का आरोप, ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की उठाई मांग

जयपुर।स्मार्ट हलचल | कांग्रेस की ओर से सोमवार को जयपुर में निर्वाचन आयोग के घेराव को लेकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने और पानी की बौछार करने का आरोप लगाया गया। राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता सुलक्षणा शर्मा ने प्रदर्शन में शामिल होकर महिला कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहते हुए पुलिस बल प्रयोग को रोकने का प्रयास किया।सुलक्षणा शर्मा ने कहा कि चुनाव में कथित धांधलियों पर रोक लगनी चाहिए तथा चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग उठाई।

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह और ब्यावर जिला अध्यक्ष इशिका जैन भी प्रदर्शन में शामिल रहीं।