राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में कठूमर के छात्र लोकेश कुमार का हुआ चयन

दिनेश लेखी

विद्यालय परिवार ने साफा बांधकर व मिठाई खिलाकर खिलाड़ी का किया सम्मान

कठूमर। । स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कठूमर के छात्र लोकेश कुमार का 70वीं राज्य स्तरीय खो-खो खेलकूद प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक बड़ागांव, झुंझुनूं में किया जाएगा। लोकेश कुमार प्रतियोगिता में कठूमर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयन होने पर विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों में खुशी का माहौल रहा। विद्यालय पहुंचने पर छात्र लोकेश कुमार का विद्यालय परिवार एवं साथी विद्यार्थियों की ओर से साफा बांधकर और मिठाई खिलाकर जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने खिलाड़ी को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य विराज चौहान ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने लोकेश कुमार को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के उप प्रधानाचार्य उमेश चंद सहित शिक्षकों ने भी लोकेश के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त की। शारीरिक शिक्षक शिब्बो राम सोनी ने बताया कि नियमित अभ्यास और मेहनत के बल पर लोकेश ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता में खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेगा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य विराज चौहान, उप प्रधानाचार्य उमेश चंद, शारीरिक शिक्षक शिब्बो राम सोनी, व्याख्याता धीरसिंह तंवर, रीना फौजदार, अनिल कुमार, देवेश भारद्वाज, रवि गुप्ता सहित विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।