खेरली मंडी में नवगठित तालुका विधिक सेवा समिति का सचिव ने किया निरीक्षण

आमजन तक निःशुल्क विधिक सहायता और अधिकारों की जानकारी पहुंचाने पर दिया जोर

दिनेश लेखी

खेरली मंडी। स्मार्ट हलचल|जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश मोहनलाल सोनी ने नवगठित तालुका विधिक सेवा समिति खेरली मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति के कार्यालयीन कार्यों एवं विधिक सेवा गतिविधियों की जानकारी ली तथा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तालुका विधिक सेवा समिति के निर्देशानुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
मोहनलाल सोनी ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाना तथा आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों सहित अधिक से अधिक लोगों तक विधिक जागरूकता पहुंचाने के लिए नियमित रूप से निःशुल्क विधिक जागरूकता शिविर एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से आमजन को उनके मौलिक एवं विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना तथा विभिन्न विधिक सेवाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति समय पर अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें। निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने अधिवक्ता संघ खेरली मंडी के अधिवक्ताओं के साथ संवाद भी किया। इस दौरान नवगठित तालुका विधिक सेवा समिति की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं विधिक सेवा गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने अधिवक्ताओं से विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी से विधिक सेवा गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जा सकता है तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाई जा सकती है।
इस अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष राजीव जिंदल (सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट), बार अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरुका, रीडर बालस्वरूप चौधरी, राकेश कुमार शर्मा, जितेंद्र गर्ग, ओमप्रकाश जेमन, तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव लोकेश शर्मा, पैरालीगल स्वयंसेवक दीपक कुमार मीना सहित अधिवक्ता संघ के समस्त अधिवक्ता एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।