नियमित शिक्षकों की नियुक्ति से लेकर बीएससी शुरू करने की मांग, विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क बस यात्रा और नई विषयों की स्वीकृति पर जोर
कोटा। स्मार्ट हलचल|एनएसयूआई कोटा देहात की प्रथम मासिक बैठक सांगोद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रिद्धम शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कोटा विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह पानाहेड़ा सहित विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में संगठन विस्तार के साथ विद्यार्थियों से जुड़ी शैक्षणिक और मूलभूत समस्याओं पर चर्चा की गई।
एनएसयूआई देहात जिलाध्यक्ष रिद्धम शर्मा ने बताया कि बैठक के बाद एनएसयूआई की ओर से राजकीय महाविद्यालय सांगोद में नियमित शिक्षकों की नियुक्ति, विज्ञान संकाय शुरू करने, नए विषयों की स्वीकृति तथा छात्र सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर एसडीएम ऑफिस ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि महाविद्यालय में सांगोद क्षेत्र के दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए आते हैं, लेकिन स्थायी स्टाफ की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एनएसयूआई ने विद्या संबल योजना के स्थान पर नियमित एवं स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति को प्रमुख मांग बताया। ज्ञापन में कहा गया कि अस्थायी शिक्षकों की व्यवस्था से अध्यापन में निरंतरता प्रभावित होती है, इसलिए महाविद्यालय में नियमित प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाए।
बीएससी शुरू करने की मांग
ज्ञापन में राजकीय महाविद्यालय सांगोद में विज्ञान संकाय यानी बीएससी की तत्काल शुरुआत करने की मांग की गई। एनएसयूआई का कहना है कि विज्ञान विषयों की पढ़ाई के लिए सांगोद क्षेत्र के विद्यार्थियों को कोटा सहित अन्य शहरों में जाना पड़ता है। इसके लिए बीएससी स्तर पर जूलॉजी, गणित, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान जैसे विषयों की स्वीकृति देने की मांग की गई।
बीए और एमए में नए विषय खोलने की मांग
एनएसयूआई ने कला संकाय में स्नातक स्तर पर इतिहास, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, अंग्रेजी साहित्य, दर्शनशास्त्र और मनोविज्ञान जैसे विषय शुरू करने की मांग की। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर एमए में भूगोल, गृह विज्ञान, हिंदी साहित्य, लोक प्रशासन, संस्कृत साहित्य, उर्दू साहित्य तथा चित्रकला जैसे विषयों की स्वीकृति की मांग रखी गई।
ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क बस यात्रा की मांग
ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए महाविद्यालय आने-जाने की नि:शुल्क बस यात्रा की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई। एनएसयूआई ने मांग की कि स्थानीय एवं रोडवेज बसों में महाविद्यालय का मूल आईडी कार्ड दिखाने पर विद्यार्थियों को नि:शुल्क यात्रा की अनुमति दी जाए।
इसके अलावा महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के वाहनों को धूप और बारिश से बचाने के लिए सर्वसुविधायुक्त पार्किंग टीन शेड का निर्माण तथा विद्यार्थियों के लिए शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था के लिए नया वाटर कूलर लगाने की मांग की गई।
कैंपस यात्रा से विद्यार्थियों की समस्याएं जुटाएगा संगठन
बैठक में एनएसयूआई देहात जिलाध्यक्ष रिद्धम शर्मा ने कहा कि ‘कैंपस यात्रा’ के माध्यम से क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया जाएगा। उनसे महाविद्यालयों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा और जरूरत के अनुसार ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि छात्रहित से जुड़ी मांगों पर संबंधित अधिकारियों और उच्च शिक्षा विभाग को संज्ञान लेकर समाधान की दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए। बैठक में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आगामी दिनों में कैंपस यात्रा को विभिन्न महाविद्यालयों तक पहुंचाने पर भी चर्चा की।