असरा वेलफेयर सोसाइटी का 13वां प्रतिभा सम्मान समारोह एवं 21वीं तालीमी कॉन्फ्रेंस संपन्न

मजबूत इरादों को अनुशासन का अमली जामा पहनाने से मिलेगी कामयाबी: डॉ. वसीम खान

अक्सा नीलगर राजस्थान बोर्ड की शहर कम्युनिटी टॉपर, 51 हजार का नकद पुरस्कार

हम अपने बुलंद और पस्त जीवन के खुद जिम्मेदार: ताज मोहम्मद रंगरेज

चित्तौड़गढ़, 27 सितंबर। स्मार्ट हलचल|असरा वेलफेयर सोसायटी चित्तौड़गढ़ का 13वां प्रतिभा सम्मान समारोह एवं 21वीं तालीमी कॉन्फ्रेंस रविवार को श्रीनाथ गार्डन में आयोजित हुई। कार्यक्रम में मुख्तार अहमद कुरैशी (अंजुमन सदर, उदयपुर), डॉ. वसीम खान (डायरेक्टर आरएनटी ग्रुप), केबीसी विनर ताज मोहम्मद रंगरेज, फतहनगर, एम.एम. शेख (शिक्षा प्रेरक, हज्जन हलीमा ट्रस्ट), डॉ. दिलशाद शामी जयपुर, डॉ. एम.के. पठान, डॉ. उमर फारूख गौरी (संचालक महाराणा प्रताप कॉलेज) तथा हाजी मोहम्मद अली छीपा (समाजसेवी एवं भामाशाह) सहित अतिथियों ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रोत्साहन दिया।

कार्यक्रम में राजस्थान बोर्ड की शहर कम्युनिटी टॉपर अक्सा नीलगर को हज्जन हलीमा ट्रस्ट की ओर से 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार मिलने पर उपस्थित समाजजनों ने खड़े होकर बालिका का उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 1100 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। दो निर्धन बालिकाओं को 5100-5100 रुपये तथा एक बालिका को 1100 रुपये की सहायता प्रदान की गई।

असरा वेलफेयर सोसायटी की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए एम.एम. शेख को ‘निशान-ए-इम्तियाज’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन इकरा फातिमा ने किया। इस दौरान कक्षा 10वीं के 35, 12वीं के 23 तथा डिग्री, डिप्लोमा एवं अन्य क्षेत्रों के कुल 90 विद्यार्थियों के सम्मान के लिए नाम पुकारे गए। प्रतिभाओं के सम्मान पर समाजजनों ने करतल ध्वनि से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

इसके बाद शहर काजी मुस्तफा साहब ने विद्यार्थियों को हलफ (शपथ) दिलाकर आगामी सफलता के लिए प्रेरित किया।

संस्थापक अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक नूरी ने कहा कि समाज में दिखावे की रस्मों-रिवाज में कमी कर शिक्षा के संस्थान स्थापित करने पर जोर दिया जाना चाहिए।

इस अवसर पर समाज की चार तंजीमों को असरा स्पेशल अवार्ड से सम्मानित किया गया। फ्रेंड्स ग्रुप भीलवाड़ा को सामूहिक विवाह, दारुल उलूम गोसिया अजीजिया लोहारिया को बच्चियों की तालीम, तिरंगा कमेटी चित्तौड़गढ़ को राष्ट्रीय भावना के लिए प्रेरित करने तथा अंजुमन तालीमुल इस्लाम उदयपुर को बालिकाओं की शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

संस्था सह सचिव अमजद खान एवं नीदा खानम ने प्रतिभा सम्मान समारोह में सहयोग करने वाली संस्थाओं हज्जन हलीमा बेगम ट्रस्ट, हज्जन जाहिद बेगम फाउंडेशन चित्तौड़गढ़, तमन्ना-ए-तालीम सोसायटी सावा, शेख समाज वेलफेयर सोसायटी चित्तौड़गढ़ एवं सैय्यद साजिद अली उदयपुर का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।

डॉ. वसीम खान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मजबूत इरादों को अनुशासन का अमली जामा पहनाकर ही कामयाबी हासिल की जा सकती है। वहीं केबीसी विनर ताज मोहम्मद रंगरेज ने कहा कि व्यक्ति अपने जीवन की बुलंदी और पस्ती के लिए स्वयं जिम्मेदार होता है।