बिना नंबर की ब्रेजा कार जब्त, 43 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; बालोतरा थाने के मामले में भी था वांछित
बालोतरा। स्मार्ट हलचल|मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बालोतरा जिले की कल्याणपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 62.430 किलोग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की ब्रेजा कार को भी जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कंवट आईपीएस के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह आरपीएस एवं पचपदरा वृत्ताधिकारी योगेश चौधरी आरपीएस के सुपरविजन में कल्याणपुर थानाधिकारी अनु चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार 28 सितंबर 2026 को साहिबनगर, डोली कलां क्षेत्र में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की ब्रेजा कार को रुकने का इशारा किया गया। कार चालक नाकाबंदी तोड़कर वाहन को भगाने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रुकवाया और चालक को हिरासत में लिया।
पूछताछ एवं नियमानुसार तलाशी के दौरान कार चालक के कब्जे से 62.430 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त ब्रेजा कार को जब्त कर आरोपी बुधाराम पुत्र प्रह्लादराम, जाति विश्नोई (पोटलिया), उम्र 43 वर्ष, निवासी फिंच, थाना लूणी, जिला जोधपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 25 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बुधाराम थाना बालोतरा में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के एक अन्य प्रकरण में भी वांछित था।
पुलिस आरोपी से बरामद डोडा-पोस्त की खरीद-फरोख्त तथा मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ एवं अग्रिम अनुसंधान कर रही है।
कार्रवाई में कल्याणपुर थानाधिकारी अनु चौधरी, उप निरीक्षक रूपसिंह, हेड कांस्टेबल दीपाराम, कांस्टेबल ओमदान, जोगेंद्र कुमार, डालूराम, हरीराम, मोतीराम, जांबतराम तथा मंडली थाने के कांस्टेबल प्रभुराम की भूमिका रही।