(बिन्टू कुमार)
21 किमी सड़क पर उखड़ी डामर की परत, गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसों का खतरा
नारायणपुर | स्मार्ट हलचल|उपखंड क्षेत्र को अलवर जिले से जोड़ने वाले नारायणपुर-कुशालगढ़ मुख्य सड़क मार्ग की हालत इन दिनों बदहाल हो चुकी है। सड़क की डामर की परत जगह-जगह पूरी तरह उखड़ चुकी है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के चलते आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। नारायणपुर से कुशालगढ़ तक करीब 21 किलोमीटर लंबा यह सड़क मार्ग दो हिस्सों में विभाजित है। नारायणपुर से मुण्डावरा तक करीब 6 किलोमीटर हिस्सा स्टेट हाइवे-13 में आता है, जबकि मुण्डावरा से कुशालगढ़ तक करीब 15 किलोमीटर सड़क एनएच-248ए का हिस्सा है। दोनों हिस्सों में कई जगह सड़क की डामर की परत उखड़ने से वाहन चालकों को गड्ढों के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
डामर नहीं होने से दिनभर उड़ती रहती है धूल
सड़क की ऊपरी डामर परत उखड़ने के बाद वाहन गुजरने पर सड़क की मिट्टी और धूल हवा में उड़ती रहती है। दिनभर वाहनों की आवाजाही के दौरान सड़क पर धूल के गुबार उठते हैं, जिससे आसपास के लोगों और राहगीरों को परेशानी होती है। धूल के कारण सबसे अधिक परेशानी दमा और अस्थमा से पीड़ित मरीजों को हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है।
अलवर आने-जाने वाले लोगों की बढ़ी परेशानी
नारायणपुर क्षेत्र के लोगों के लिए यह सड़क अलवर जिले की ओर जाने वाला प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को गति कम करके सावधानी से निकलना पड़ता है। कई स्थानों पर गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहनों के अचानक सड़क के दूसरे हिस्से में जाने से हादसे का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति का जायजा लेकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने तथा सड़क पर दोबारा डामरीकरण कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम हो सके और लोगों को धूल व गड्ढों से राहत मिल सके।
एनएचएआई के एक्सईएन वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़क पर पेचवर्क का कार्य रोक रखा था। अब मौसम सामान्य होने के बाद अगले दो दिन में क्षतिग्रस्त हिस्सों पर पेचवर्क का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क के डामरीकरण का कार्य भी आगामी दो महीने में शुरू किया जाएगा।