ताइक्वांडो में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले रोमांचक

अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।70वीं राज्य स्तरीय 17 व 19 वर्ष छात्र-छात्रा ताइक्वांडो प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को विभिन्न भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले हुए। राजस्थान शिक्षा विभाग एवं श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।द्वितीय दिवस के मुकाबलों का शुभारंभ मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (मा.शि.) शंकर लाल शर्मा एवं स्थाई समिति सदस्यों ने किया। इस अवसर पर शर्मा ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों से आत्मविश्वास और आत्मनियंत्रण जैसे गुणों का विकास होता है। उन्होंने निर्णायकों से निष्पक्ष एवं पारदर्शिता के साथ निर्णय करने की अपेक्षा जताई।

प्रतियोगिता 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें 17 वर्ष छात्र वर्ग में 13, 19 वर्ष छात्र वर्ग में 10, 17 वर्ष छात्रा वर्ग में 13 तथा 19 वर्ष छात्रा वर्ग में 11 भार वर्गों में मुकाबले हो रहे हैं। प्रतियोगिता के लिए श्री अग्रसेन विद्यापीठ में छात्र वर्ग के दो कोर्ट तथा पीएम श्री छावनी विद्यालय में छात्रा वर्ग के दो कोर्ट बनाए गए हैं।

प्रतियोगिता संयोजक डॉ. निवेदिता पाठक सहित स्थाई समिति सदस्य, तकनीकी सदस्य एवं निर्णायक मंडल ने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रतियोगिता के सफल संचालन में परमेश्वर सिंह, राजीव चौधरी, गोविंद लाल सैनी, हरि प्रकाश गौड़, कपिल शर्मा, विजय लक्ष्मी सांखला, तकनीकी सलाहकार योगेश सैनी, कमल कुमार, शालिनी वर्मा, लता रानी, शक्ति सिंह एवं स्काउट एंड गाइड ने सहयोग प्रदान किया।

ये रहे विजेता: 17 वर्ष छात्रा 63 किग्रा में रुद्राक्षी (जयपुर) प्रथम, कनिष्का (कोटा) द्वितीय एवं महिमा यादव (सीकर) तृतीय रहीं। 68 किग्रा में जसप्रीत (झुंझुनू) प्रथम, नूपुर (चूरू) द्वितीय एवं पार्वती (बाड़मेर) तृतीय रहीं।

17 वर्ष छात्र 38 किग्रा में बादल (जयपुर) प्रथम, प्रिंस बहादुर (बीकानेर) द्वितीय तथा उमंग (कोटा) व लक्ष्य (खैरथल-तिजारा) तृतीय रहे। 19 वर्ष छात्र 45 किग्रा में जतिन (खैरथल-तिजारा) प्रथम, अमित कुमार (जयपुर) द्वितीय तथा हिमेश (अलवर) व लालाराम (बाड़मेर) तृतीय रहे। 48 किग्रा में अंकुश (अलवर) प्रथम, राघवेन्द्र सिंह (चूरू) द्वितीय तथा अभय कुमार शर्मा (भरतपुर) व धनसिंह (बाड़मेर) तृतीय स्थान पर रहे।