अग्रसेन जयंती पर सजेगा ब्यावर, 12 दिन तक होंगे विविध धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम

अग्रसेन जयंती महोत्सव 1 से 12 अक्टूबर तक, होंगे विविध आयोजन

नानीबाई रो मायरो, रक्तदान शिविर, कवि सम्मेलन, शोभायात्रा व गरबा रास सहित होंगे कई कार्यक्रम

अनिल कुमार खींची

ब्यावर, 29 सितंबर। स्मार्ट हलचल।अग्रवाल समाज की ओर से अग्रकुल शिरोमणि महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती के अवसर पर 1 से 12 अक्टूबर तक भव्य जयंती महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर फतेहपुरिया बगीची में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें जयंती संयोजक पवन रायपुरिया ने कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा बताई। इस दौरान जयंती कार्यक्रम पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

संयोजक पवन रायपुरिया ने बताया कि 1 अक्टूबर को सुबह 8.15 बजे अग्रसेन भवन तथा 8.30 बजे फतेहपुरिया बगीची स्थित समारोह स्थल पर अग्रवाल समाज अध्यक्ष अमित बंसल द्वारा महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इसी दिन सुबह 9.30 बजे अमृतकौर अस्पताल के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर आयोजित होगा।

महोत्सव के तहत 1 से 3 अक्टूबर तक तीन दिवसीय नानीबाई रो मायरो कार्यक्रम साध्वी कमलेश सरस्वती, मथुरा के सानिध्य में आयोजित होगा। प्रियांशी भारद्वाज द्वारा संगीतमय प्रस्तुति एवं सजीव झांकियों के माध्यम से नरसी जन्म, भगवान शंकर की आराधना, महारास, द्वारिकाधीश के लिए हुंडी, नरसी का केदार गान, नरसी की करुण पुकार तथा द्वारिकाधीश द्वारा राधा-रुक्मणी के साथ नानीबाई का मायरा लेकर पहुंचने के प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे।

महोत्सव में अग्र फन फेयर, विभिन्न आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं एवं महिला-पुरुषों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैडमिंटन एवं पिकलबॉल प्रतियोगिता तथा रिश्तों की कॉमेडी सहित विभिन्न आयोजन होंगे। सेवाकार्य के तहत मछली दाना कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। 9 अक्टूबर को विशाल कवि सम्मेलन तथा 10 अक्टूबर को राणी सती दादीजी का संगीतमय मंगलपाठ, विशाल शोभायात्रा, महाप्रसाद, गरबा रास एवं पुरस्कार वितरण सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे।

जयंती मंत्री निखिल जिंदल ने सभी अग्र बंधुओं से महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आग्रह किया। जयंती सहसंयोजक अजय गोयल, कमल सर्राफ, भरत अग्रवाल, विशाल मित्तल एवं जिनेंद्र सिंघल ने बताया कि आयोजन संबंधी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा विभिन्न कार्यक्रम समितियों के संयोजकों को कार्यभार सौंप दिया गया है।

पत्रकार वार्ता में नितेश गोयल, निर्मल बंसल, महेंद्र सलेमबादी, सतीश गर्ग, राधेश्याम डाणी, श्रवण बंसल, मोहित गर्ग, प्रेम जिंदल, कमल मुरारका, गणपत सर्राफ एवं ओमप्रकाश अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के अनेक सदस्य एवं शहर के पत्रकार उपस्थित रहे।