चिकित्सा अधिकारी भर्ती में पद 600 से बढ़ाकर 2000 करने की मांग

डॉ. नरेश नागर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी को सौंपा ज्ञापन, मुख्यमंत्री व चिकित्सा मंत्री तक पहुंचाई मांग

छबड़ा। स्मार्ट हलचल|राजस्थान में चिकित्सा अधिकारी (MO) भर्ती परीक्षा में पदों की संख्या 600 से बढ़ाकर 2000 किए जाने की मांग को लेकर चिकित्सकों का प्रयास लगातार जारी है। इसी क्रम में चिकित्सक डॉ. नरेश नागर ने छबड़ा पहुंचकर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय नेता प्रताप सिंह सिंघवी से मुलाकात की और उन्हें चिकित्सा अधिकारी भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश में चिकित्सा अधिकारियों की आवश्यकता को देखते हुए आगामी भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाना आवश्यक है। चिकित्सकों की ओर से 600 पदों को बढ़ाकर 2000 पद किए जाने की मांग उठाई गई है, ताकि अधिक संख्या में योग्य अभ्यर्थियों को सरकारी चिकित्सा सेवा में अवसर मिल सके और प्रदेश के चिकित्सा संस्थानों में मानव संसाधन की आवश्यकता को पूरा करने में मदद मिले।

डॉ. नरेश नागर ने बताया कि इस मांग को लेकर चिकित्सकों की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी से मुलाकात कर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया गया। सिंघवी ने मांग को गंभीरता से लेते हुए ज्ञापन को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया।

चिकित्सकों के हित में संघर्ष जारी रखने का आह्वान

डॉ. नरेश नागर ने कहा कि चिकित्सा अधिकारी भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग प्रदेश के चिकित्सकों और भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के हित से जुड़ी है। मांग को सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से रखने के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने इस अभियान में सहयोग और समर्थन देने वाले सभी साथियों का आभार जताया।

फोटो कैप्शन: पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी को चिकित्सा अधिकारी भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपते डॉ. नरेश नागर।