छह माह पुरानी चोरी का खुलासा करीब 10 लाख के आभूषण बरामद , एक आरोपी गिरफ्तार

जैतारण पुलिस ने चोरी किए सोने के आभूषण किए शत-प्रतिशत बरामद

अनिल कुमार खींची

ब्यावर/जैतारण। स्मार्ट हलचल।पुलिस थाना जैतारण ने करीब छह माह पूर्व हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी की है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशन में की गई।पुलिस के अनुसार संपत्ति संबंधी अपराधों, चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी जैतारण रमेन्द्र सिंह हाड़ा के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी नरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहयोग एवं पारंपरिक पुलिस तरीकों से लगातार अनुसंधान करते हुए चोरी की वारदात का खुलासा किया।

मामले में पुलिस ने प्रवीण उर्फ पुखराज पुत्र घेवरराम, उम्र 32 वर्ष, निवासी समौखी, थाना जैतारण, हाल पंचम नगर रामदेव रोड, पाली को दस्तयाब कर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

यह था मामला:
13 मार्च 2026 को समौखी निवासी नेमाराम पुत्र देवाराम, उम्र 30 वर्ष ने पुलिस थाना जैतारण में रिपोर्ट दी थी कि 12 मार्च को सुबह करीब 11 बजे अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर सोने के आभूषण एवं नकदी चोरी कर ले गए। चोरी हुए आभूषणों में करीब 40 ग्राम का रकड़ी सेट, 35 ग्राम की तूसी तथा 17 ग्राम का मंगलसूत्र शामिल था। रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 105/2026, धारा 305(1), 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

इनकी रही अहम भूमिका: कार्रवाई में थानाधिकारी नरेश कुमार शर्मा, सहायक उप निरीक्षक पुसाराम, हेड कांस्टेबल संजय कुमार नं. 87 (विशेष सहयोग), कांस्टेबल धर्मेन्द्र नं. 439, प्रहलाद नं. 470, हेमराज नं. 663 (विशेष सहयोग), मनोहरलाल नं. 714, अशोक नं. 638 एवं सुरेन्द्र नं. 680 शामिल रहे।