लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पर गूंजे नारे

हजारों कांग्रेसजनों ने निकाला पैदल मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ब्यावर की ओर से मंगलवार को लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया एवं जनमत के सम्मान को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी के नेतृत्व में जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केसरीनंदन गार्डन, सतपुलिया से जिला कलेक्ट्रेट तक विशाल पैदल मार्च निकाला।मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव और जनमत के सम्मान को लेकर नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंचने के बाद सभा आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर विरोध जताया गया।

सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और जनता के मताधिकार के सम्मान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

कांग्रेस प्रत्याशी पारसमल जैन ने लोकतंत्र की मजबूती एवं संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। वहीं खनन प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष आशीषपाल पदावत ने लोकतांत्रिक अधिकारों एवं जनमत के सम्मान को लेकर कांग्रेसजनों की एकजुटता पर जोर दिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावर अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, निष्पक्षता और संवैधानिक मूल्यों की बुनियाद है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

प्रदर्शन में जैतारण ब्लॉक अध्यक्ष नरेश मेहरा, जवाजा ब्लॉक अध्यक्ष धर्म सिंह भाटी, शहर अध्यक्ष भरत बाघमार, मस्तान काठात, रासा सिंह रावत, दयाल राम गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र चौहान, पूर्व प्रदेश सचिव राजेश कुमावत, जिला सेवादल अध्यक्ष विक्रम सोनी, जिला अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष अजमत काठात, सभापति प्रत्याशी कैलाश गहलोत, शिवांगी नागौरा, पार्षद दलपतराज मेवाड़ा, घनश्याम फुलवारी, भरत बंधीवाल, इब्राहिम खान, हनुमान सांखला, जान मोहम्मद, पारस जैन, कांता ग्वाला, प्रताप काठात, संजय चौहान, लोकेश सामरिया, मोहम्मद इमरान, जिला राजीव गांधी पंचायती राज संगठन अध्यक्ष राम यादव, जिला चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष नरेंद्र काठात, बर ब्लॉक अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष शाबीर काठात, जिला प्रवक्ता रामस्वरूप सेवलिया एवं सोहन मेवाड़ा सहित जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, पार्षद प्रत्याशी, अग्रिम संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

केसरीनंदन गार्डन से कलेक्ट्रेट तक निकले पैदल मार्च में कार्यकर्ताओं की एकजुटता और उत्साह नजर आया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और जनता के जनादेश के सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी की आवाज आगे भी बुलंद रहेगी।