महुवा: विधायक राजेंद्र मीणा ने ली ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक, 15 विभागों को दिए सख्त निर्देश

फरियादियों से सौम्य व्यवहार और 5 दिन में हैंडपंप-ट्यूबवेल ठीक करने के निर्देश, कहा – फील्ड में रहकर करें काम

नीरज मीणा

महुवा।स्मार्ट हलचल/ विधायक राजेंद्र मीणा की अध्यक्षता में आज मंगलवार 29.09.2026 को प्रातः 11.30 बजे आईटी केंद्र महुवा (उपखंड कार्यालय परिसर) के सभागार में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जवाबदेही प्रशासन को कायम रखने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की क्रियान्विति को लेकर विभागवार समीक्षा की गई। विधायक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर फील्ड विजिट करें, कार्यालय में आने वाले परिवादियों से सौम्य-मधुर व्यवहार करें और उनकी समस्या का शीघ्र निस्तारण कर संतुष्टि प्रदान करें। आमजन को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ें।
*विभागवार दिए गए प्रमुख निर्देश —*
*1. पुलिस विभाग महवा:* शहरी क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, हाल में हुई चोरी की घटनाओं का तत्काल खुलासा कर माल बरामदगी करने, निर्धारित समय के बाद खुलने वाली शराब दुकानों पर कार्रवाई और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश।
*2. राजस्व विभाग:* नामांतरण, बंटवारे के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने, राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा, किसानों के मामलों को प्राथमिकता से निपटाने और सभी भू.अ.नि./पटवारियों को मुख्यालय पर रहकर कार्य करने के निर्देश।
*3. विकास अधिकारी पं.स. महवा/मंडावर:* सभी ग्राम विकास अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर रहकर कार्य करने के लिए पाबंद करने और बकाया कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश।
*4. PHED विभाग:* खराब हैंडपंप और ट्यूबवेल ठीक नहीं होने की शिकायतों पर सख्त निर्देश — 5 दिन में सभी खराब हैंडपंप-ट्यूबवेल चालू करें, शहर में 48 घंटे की जगह 24 घंटे में जलापूर्ति सुनिश्चित करें, सभी जेईएन फील्ड में रहें और मम्मू पेट्रोल पंप के पास लीकेज तुरंत ठीक कराएं।
*5. बिजली विभाग:* शहर की पुरानी, खराब और ढीली लाइनों का दुरुस्तीकरण करने, सीएचसी बड़ागांव का विद्युत कनेक्शन जल्द कराने और अधिकारियों को फील्ड विजिट करने के निर्देश।
*6. शिक्षा विभाग:* सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और सभी स्कूलों की फील्ड विजिट करने के निर्देश।
*7. चिकित्सा विभाग:* अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ की नियमित उपस्थिति, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और जरूरत पर फोगिंग कराने के निर्देश।
*8. नगरपालिका महवा:* सभी वार्डों में सफाई, रोड लाइट, हाईमास्क लाइट और कचरा निस्तारण की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश।
*9. बाल विकास विभाग:* आंगनवाड़ी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड स्टाफ को फील्ड में रहकर कार्य करने के निर्देश।
*10. सामाजिक सुरक्षा विभाग:* सभी प्रकार की पेंशन का बकाया भौतिक सत्यापन तत्काल कराने, पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने और लंबित आवेदनों का निस्तारण करने के निर्देश।
*11. रसद विभाग:* निलंबित राशन डीलर के अटैचमेंट डीलर द्वारा खाद्य सामग्री का वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश।
*12. कृषि विभाग:*त किसानों को उन्नत बीज और डीएपी खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश।
*13. पशुपालन विभाग:* लम्पी बीमारी की रोकथाम, समय पर उपचार और फील्ड स्टाफ को पशु स्वास्थ्य केंद्र पर उपस्थित रहने के निर्देश।
*14. DoIT विभाग:* ई-मित्र सेवाओं की निगरानी और अवैध वसूली करने वाले संचालकों पर कार्रवाई के निर्देश।
*15. आबकारी विभाग:* अवैध शराब दुकानों और निर्धारित समय के बाद खुलने वाली दुकानों पर कार्रवाई के निर्देश। दिए गए।
इस दौरान मीटिंग में महिला अधिकारिता विभाग व महिला एवं बाल विकास विभाग से कोई अधिकारी कर्मचारी मौजूद नहीं रहने पर विधायक ने नाराजगी जताई।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी प्रेम राज मीणा पुलिस उपाधीक्षक अनूप सिंह तहसीलदार पृथ्वीराज मीणा विकास अधिकारी सुनील कुमार मीणा थाना अधिकारी महेंद्र यादव नगर पालिका अधिशासी अधिकारी राजेश मीणा, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रोहित शर्मा, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामफल मीणा, सांख्यिकी अधिकारी जगराम मीणा,आयुर्वेदिक अधिकारी राजकुमार मीणा, सहित बिजली जलदाय विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।