बिजौलिया। स्मार्ट हलचल|आयुर्वेद विभाग भीलवाड़ा के उपनिदेशक डॉ. ओमप्रकाश नागर ने बिजौलिया ब्लॉक के आँट स्थित नवीन राजकीय आयुर्वेद औषधालय भवन एवं नवीन ब्लॉक आयुष चिकित्सालय बिजौलिया के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सक डॉ. संजय नागर ने नवीन भवन की संरचना, विभिन्न कक्षों, मरीजों के लिए प्रस्तावित सुविधाओं तथा अब तक हुए निर्माण कार्य के संबंध में उपनिदेशक महोदय को विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उपनिदेशक डॉ. ओमप्रकाश नागर ने प्रभारी चिकित्सक डॉ. संजय नागर की देखरेख एवं मार्गदर्शन में करवाए गए आँट औषधालय निर्माण एवं अन्य व्यवस्थागत कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता एवं उपयोगिता का ध्यान रखा जाना सराहनीय है तथा प्रभारी चिकित्सक द्वारा कार्यों की निरंतर निगरानी से भवन को बेहतर स्वरूप देने में सहायता मिली है।
उन्होंने विशेष रूप से भवन में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की तथा शेष कार्यों को भी इसी गुणवत्ता एवं व्यवस्थित तरीके से पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने मुख्य प्रवेश द्वार पर रैंप एवं उपयुक्त प्लेटफॉर्म का निर्माण करवाने के निर्देश भी दिए, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं चलने-फिरने में कठिनाई वाले मरीजों को औषधालय में प्रवेश करने में सुविधा मिल सके।
उपनिदेशक ने आंट एवं ब्लॉक आयुष चिकित्सालय बिजौलिया नवीन भवन के निर्माण कार्य को क्षेत्रवासियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि भवन पूर्ण होने के बाद आँट एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुविधाजनक आयुर्वेद चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सक डॉ. संजय नागर एवं ब्लॉक चिकित्सालय प्रभारी डॉ रिजवाना ख़ान ने उपनिदेशक द्वारा दिए गए सुझावों एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया तथा भवन के शेष कार्यों को भी गुणवत्ता के साथ पूर्ण करवाने का विश्वास दिलाया।