25 अक्टूबर को उम्मेद क्लब से होगी 5 और 10 किलोमीटर की दौड़, 3000 से अधिक प्रतिभागियों के जुटने की उम्मीद

यंगथॉन 3.0 में दौड़ेगा कोटा, ‘रन फॉर एजुकेशन’ से सरकारी स्कूलों को संवारने की पहल

कोटा, 30 सितंबर। स्मार्ट हलचल|यंग इंडियंस कोटा चैप्टर की ओर से यंगथॉन 3.0 का आयोजन 25 अक्टूबर को श्री उम्मेद क्लब, नयापुरा से किया जाएगा। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ इस बार मैराथन को ‘रन फॉर एजुकेशन’ की थीम से जोड़ा गया है। आयोजन के माध्यम से शहर के चयनित राजकीय विद्यालयों में फर्नीचर, आरओ, नोटबुक तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास में सहयोग किया जाएगा।
चैप्टर चेयर अंकित राठी, चैप्टर को-चेयर अंकित गुप्ता ने बताया कि यंग इंडियंस कोटा चैप्टर के पदाधिकारियों ने बताया कि मैराथन में 5 किलोमीटर वॉक/फन रन तथा 10 किलोमीटर टाइम्ड रन रखी गई है। दोनों स्पर्धाओं में पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। 10 किलोमीटर दौड़ में 18-30, 30-40, 40-50, 50-60 तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल होंगे।
सदस्य अतिवीर जैन ने बताया कि दौड़ सुबह 6 बजे 10 किलोमीटर वर्ग के साथ शुरू होगी, जबकि 5 किलोमीटर फन रन/वॉक सुबह 6.15 बजे प्रारंभ होगी। इवेंट हेड कोऑर्डिनेटर के रूप में भुवन गौर, अनुराग अग्रवाल, विपुल पालीवाल, चिराग जैन और साक्षी जैन के द्वारा बताया गया की दौड़ का प्रस्तावित मार्ग उम्मेद क्लब से अग्रसेन चौराहा, लक्की बुर्ज, गीता भवन, ज्वाला तोप चौराहा, सेवन वंडर्स पार्क के सामने से होते हुए किशोरपुरा तालाब तक जाएगा और प्रतिभागी वापस उम्मेद क्लब पहुंचकर दौड़ पूरी करेंगे। आयोजन में करीब 3000 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
उम्मेद क्लब के सचिव लोकेन्द्र सिंह राजावत ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए 24 अक्टूबर को श्री उम्मेद क्लब में एक्सपो आयोजित किया जाएगा। इसी दौरान रजिस्ट्रेशन किट का वितरण होगा। किट में टी-शर्ट, बिब, मेडल, डिस्काउंट बुकलेट, ई-सर्टिफिकेट और अन्य उपयोगी सामग्री शामिल होगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 10 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे।
चैप्टर सदस्य तरुण जैन, लव अग्रवाल, अंकिता जैन, तारकेश साहनी, सारांश खंडेलवाल, मनु शर्मा आयोजन की मुख्य भूमिका रहेगी एवं मुख्य व्यवस्थाएं संभालेंगे।