फूलिया कलां में किसानों ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन, मौका निरीक्षण कर फसल खराबे का सर्वे कराने की मांग
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फूलिया कलां क्षेत्र में बारिश की कमी के चलते खरीफ फसलों को हुए नुकसान से किसानों की चिंता बढ़ गई है। फसल खराबे से प्रभावित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का तत्काल सर्वे करवाकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा क्लेम का लाभ दिलाने की मांग की है।
इसी मांग को लेकर ग्राम फूलिया कलां के किसानों ने पूर्व सरपंच किशन लाल गोदारा के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने ज्ञापन में बताया कि पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण खेतों में बोई गई उड़द, मूंग, तिल्ली और ग्वार की फसलें बुरी तरह प्रभावित होकर लगभग चौपट हो गई हैं। बारिश के अभाव में फसलों की स्थिति खराब होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की कि गांव में फसल खराबे का मौका निरीक्षण करवाकर निष्पक्ष सर्वे कराया जाए, ताकि वास्तविक नुकसान का आकलन हो सके। साथ ही प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नियमानुसार बीमा क्लेम का लाभ दिलाया जाए।
ज्ञापन में किसानों ने कहा कि फसल खराबे का समय पर सर्वे होने और बीमा क्लेम मिलने से किसानों को आर्थिक राहत मिल सकेगी। किसानों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन की एक प्रतिलिपि यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी, जयपुर के कार्यालय को भी भेजी गई।
इस दौरान पूर्व सरपंच किशन लाल गोदारा, पूर्व जिला परिषद सदस्य कन्हैया लाल रेगर, अजीज, गोपाल, चंद्रप्रकाश, रामस्वरूप, मोहनलाल, हेमंत, अनिल, कालूराम, मदन, भेरूलाल, मिश्रीलाल, लादूलाल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।