गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, स्वच्छता की शपथ

गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर स्वच्छता का लिया संकल्प
गंगापुर, 02 अक्टूबर 2026। स्मार्ट हलचल।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आज नगर पालिका गंगापुर में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी , तहसीलदार एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा गांधी जी के स्वच्छता, सत्य एवं अहिंसा के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए गंगापुर नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया। आमजन से भी अपने घर, गली, मोहल्ले एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा नगर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी जी का स्वच्छ भारत का सपना और लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगी एवं राष्ट्रहित का संदेश आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इन महान विभूतियों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
कार्यक्रम में पार्षद रामप्रसाद माली, कृष्ण गोपाल जीनगर, नवरत्न बेरवा, यासमीन पठान, बालकिशन चंदेल शिक्षा विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।