महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान के आयोजन में श्रद्धांजलि सभा व विचार गोष्ठी, युवाओं ने लिया भाईचारे और स्वच्छता का संकल्प
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल।सत्य और अहिंसा का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा ‘जय जवान, जय किसान’ का ओजस्वी नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को शाहपुरा में श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। उपखंड कार्यालय परिसर स्थित महात्मा गांधी स्मारक में महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान, शाहपुरा के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद दोनों राष्ट्रनायकों के जीवन, संघर्ष और विचारों को याद करते हुए विचार गोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य संदीप जीनगर, पूर्व विधायक प्रत्याशी राजकुमार बैरवा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर सोलंकी, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष एवं पार्षद नमन ओझा तथा पूर्व नगर अध्यक्ष अजय मेहता अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के संयोजक अविनाश शर्मा ने किया।
आज भी प्रासंगिक हैं गांधी के विचार
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता को अपने जीवन का आधार बनाया। स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में गांधीजी के विचारों ने देशवासियों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज के बदलते दौर में भी सत्य और अहिंसा जैसे मूल्यों की प्रासंगिकता कम नहीं हुई है।
वक्ताओं ने कहा कि गांधीजी का स्वच्छता का संदेश केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं था, बल्कि यह स्वस्थ समाज और जिम्मेदार नागरिकता से भी जुड़ा हुआ था। युवाओं को गांधीजी के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
शास्त्री की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया
विचार गोष्ठी में पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व और कृतित्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने उनकी सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि शास्त्रीजी ने सार्वजनिक जीवन में सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम की।
वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शास्त्रीजी के जीवन से प्रेरणा लेकर जिम्मेदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के भाव को अपने जीवन में उतारें। ‘जय जवान, जय किसान’ का उनका संदेश आज भी देश की सुरक्षा और कृषि व्यवस्था के महत्व को रेखांकित करता है।
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री को नमन किया। महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान के सदस्यों ने युवाओं को गांधीजी के विचारों से जोड़ने तथा समाज में भाईचारा, सद्भाव और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान, भीलवाड़ा के जिला संयोजक अक्षय त्रिपाठी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में पार्षद जाकिर देशवाली, सुरेश चंद्र घूसर, चांद मोहम्मद, पूर्व पार्षद मुबारिक खान, प्रभु सुगंधी, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष जयन्त जीनगर, युवा संयोजक प्रियेश सिंह यदुवंशी, मौजूद रहे। अंत में संस्थान अध्यक्ष अविनाश शर्मा ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया।