वकील पर चाकू से हुए जानलेवा हमले में हमलावर की गिरफ्तारी नहीं होने से खफा वकीलों का फूटा आक्रोश, एसपी को सौंपा ज्ञापन, तीन दिन का दिया अल्टीमेटम

पुनित चपलोत

स्मार्ट हलचल।भीलवाड़ा शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में अब तक भी कार्रवाई नहीं होने से नाराज अधिवक्ताओं ने शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं का आक्रोश इतना तेज था कि आक्रोशित अधिवक्ता कलेक्ट्रेट के बाहर लगी पुलिस बेरीगेटिंग पर चढ़ गए। इस दौरान अधिवक्ता कूच करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा को ज्ञापन दिया। वहीँ उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 3 दिन के भीतर कार्यवाही नहीं की गई तो प्रदेश के अधिवक्ताओं द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिला अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष उम्मेद सिंह ने कहा कि दिनांक 1 अक्टूबर को शाम को हमारे जो वकील साथी हैं गोविंद वो अपने गांव से बस से उतरकर अजमेर चौराहे से इधर आ रहे थे। तभी अजमेर चौराहे के पास ही एक व्यक्ति जो स्कूटर पे सवार था वो आता है और उनको कहता है यहां क्या कर रहे हैं मैं पुलिस वाला हूँ  तो वकील साहब ने कहा कि मैं भी वकील हूँ और मैं मेरे रास्ते जा रहा हूँ  जितने में उसने धक्का-मुक्की की  लूटपाट की कोशिश करी और उसने फिर जेब से चाकू निकालकर वकील साहब पे हमला किया। फिर राहगीरों ने वकील साहब को अस्पताल भर्ती करवाया। उसके बाद हमने रिपोर्ट दर्ज करवाई, जो धारा 307 में रिपोर्ट दर्ज हुई। और उस रिपोर्ट के साथ ही हमने पुलिस को जो वीडियो बनाया हुआ था वो वीडियो भी अवेलेबल करा दिया। उसके बावजूद अब तक गिरफ़्तारी नहीं की गई है। वो पुलिस की नाकामी है एक तरह से क्योंकि जिनको वीडियो जारी करा दिया स्कूटी का नंबर दे दिया और अभय कमांड के बहुत सारे यहाँ पे कैमरे भी लगे हुए हैं उसके बावजूद भी उस व्यक्ति की गिरफ़्तारी नहीं होना एक तरह से पुलिस की नाकामी है। उसके विरोध में हमारे वकील समुदाय में बहुत आक्रोश है और हमने आज एसपी साहब को यह ज्ञापन दिया कि तीन दिवस यानी सोमवार तक अगर उस व्यक्ति की गिरफ़्तारी नहीं होती है तो पूरे राजस्थान में वकील समुदाय द्वारा आंदोलन किया जाएगा।