24.840 किलो डोडा पोस्त के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, एमपी से पंजाब तक फैले नेटवर्क पर एएनटीएफ का शिकंजा

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।नशे के कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की कार्रवाई लगातार जारी है। एएनटीएफ भीलवाड़ा टीम ने शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 24.840 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ लेकर राजस्थान के रास्ते पंजाब में सप्लाई करने जा रहा था। कार्रवाई को मध्यप्रदेश से पंजाब तक चल रहे नशे के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।एएनटीएफ की आसूचना पर भीलवाड़ा टीम को जानकारी मिली कि भीलवाड़ा-अजमेर रोड स्थित सुखाड़िया सर्किल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दो बैग लेकर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने सुभाष नगर थाना पुलिस से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पुलिस ने पूछताछ में उसका नाम संदीप (29) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद दोनों बैगों की जांच की गई तो उनमें 24.840 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

*हर चक्कर के मिलते थे 10 हजार*

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संदीप मध्यप्रदेश से डोडा पोस्त लेकर राजस्थान के रास्ते पंजाब पहुंचाता था। इसके बदले उसे प्रति चक्कर 10 हजार रुपए मिलते थे। वह पंजाब में मादक पदार्थ की सप्लाई करता था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप पुत्र बक्शी सिंह, निवासी पिपली थाना फरीदकोट, पंजाब, हाल निवासी कोटकपुरा, पंजाब के रूप में हुई है। एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।