लाखेरी – स्मार्ट हलचल|बड़ाखेड़ा द्वितीय माइनर की स्थिति खराब होने से किसानों को सिंचाई के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और किसानों ने माइनर की खुदाई, सफाई एवं मरम्मत कार्य करवाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि निर्माण कार्य अधूरा पड़ा होने के साथ ही माइनर में झाड़ियां उग आई हैं और कई स्थानों पर मिट्टी भराव होने से पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है।ग्रामीणों के अनुसार माइनर की नियमित सफाई और खुदाई नहीं होने के कारण पानी अंतिम छोर तक पहुंचने में परेशानी होती है। इससे खेतों की सिंचाई प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। किसानों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर माइनर की गहराई बढ़ाने, झाड़ियों की सफाई तथा जमा मिट्टी हटाने का कार्य शीघ्र करवाने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि समय रहते माइनर की मरम्मत और सफाई नहीं हुई तो आगामी सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई कर किसानों को राहत दिलाने की मांग की।
इस दौरान किसान नेता रामावतार मीणा, धनराज मीणा, लक्ष्मीचंद मीणा, रामराज अध्यक्ष तथा राधेश्याम प्रजापत सहित ग्रामीण मौजूद रहे।