:- कोटड़ी ब्लॉक में 33 केंद्रों पर 4552 महिला-पुरुषों ने दी साक्षरता परीक्षा, दिव्यांग नव साक्षरों ने भी उत्साह से लिया भाग
राजेन्द्र पोखरना
कोटड़ी।स्मार्ट हलचल|उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा के प्रथम टेस्ट में कोटड़ी ब्लॉक के 33 परीक्षा केंद्रों पर नव साक्षरों ने उत्साह के साथ भाग लिया। परीक्षा में 1161 पुरुष एवं 3391 महिलाओं सहित कुल 4552 नव साक्षरों ने परीक्षा दी। खास बात यह रही कि दिव्यांग नव साक्षरों ने भी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अपनी प्रतिभागिता दर्ज कराई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर नव साक्षरों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कई नव साक्षर अपने परिजनों के साथ गीत गाते हुए परीक्षा केंद्र पहुंचे। जहाँ उनका स्वागत किया गया। परीक्षा को लेकर महिला-पुरुषों में खासा उत्साह देखने को मिला। उम्र की बाधा को पीछे छोड़कर नव साक्षरों ने पढ़ना-लिखना सीखने के बाद परीक्षा देकर आत्मविश्वास का परिचय दिया।
दिव्यांग नव साक्षरों ने भी दिखाई हिम्मत
परीक्षा में दिव्यांग नव साक्षरों की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद वे परीक्षा केंद्र तक पहुंचे और अन्य परीक्षार्थियों के साथ परीक्षा में शामिल हुए। उनकी यह पहल दूसरे नव साक्षरों के लिए भी प्रेरणादायी रही। ब्लॉक साक्षरता समन्वयक शान्ति लाल पोखरना ने बताया कि जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी, भीलवाड़ा मुकेश गुप्ता तथा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, कोटड़ी जगदीश नारायण मीणा के निर्देशन में परीक्षा का आयोजन किया गया। ब्लॉक के 33 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर केंद्र अधीक्षक, सह-केंद्र प्रभारी एवं विद्यालय स्टाफ की मौजूदगी में परीक्षा संपन्न कराई गई।
महिलाओं की भागीदारी रही अधिक
परीक्षा में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों की तुलना में करीब तीन गुना रही। कुल 4552 परीक्षार्थियों में 3391 महिलाएं और 1161 पुरुष शामिल हुए। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं में साक्षरता के प्रति बढ़ती जागरूकता का यह एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि नव साक्षरों को पढ़ने-लिखने के साथ दैनिक जीवन में गणना एवं संख्यात्मक ज्ञान का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। परीक्षा में शामिल नव साक्षरों ने कहा कि पढ़ना-लिखना सीखने के बाद अब वे अपने दैनिक कार्य स्वयं अधिक आत्मविश्वास के साथ कर पा रहे हैं। ब्लॉक समन्वयक पोखरना ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग करने वाले केंद्र प्रभारियों, विद्यालय स्टाफ, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी कार्मिकों का आभार जताया।
फ़ोटो