नूहन्द में पेयजल संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, निकाली आक्रोश रैली

​ सादुलपुर, (बजरंग आचार्य )-
स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत नूहन्द में पिछले चार वर्षों से चली आ रही गंभीर पेयजल समस्या को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। स्थिति से परेशान होकर ग्रामीणों ने एक भव्य आक्रोश रैली निकाली और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
​ग्रामीणों का मुख्य आरोप है कि गांव में पानी की टंकी का निर्माण कार्य अब तक अधूरा पड़ा है। हालांकि, घरों तक पानी के पाइप और कनेक्शन पहले ही जोड़े जा चुके हैं, लेकिन टंकी से नियमित जलापूर्ति शुरू न होने के कारण यह पूरी योजना शोपीस बनकर रह गई है। लंबे समय से लंबित इन कार्यों के चलते पूरे क्षेत्र में पेयजल का विकट संकट गहराता जा रहा है।
​युवा मंडल नूहन्द के अनुसार, बार-बार गुहार लगाने के बावजूद संबंधित विभाग सुस्त रवैया अपनाए हुए है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही टंकी का निर्माण पूरा कर जलापूर्ति शुरू नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक तीव्र किया जाएगा।