जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ. सामर का औचक निरीक्षण

पेच की बावड़ी टोल प्लाजा पर 1033 एम्बुलेंस की जांच, हाईवे पर आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का लिया जायजा

बूंदी-स्मार्ट हलचल|जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देश पर जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी एवं त्वरित बनाए रखने के लिए रविवार को सीएमएचओ डॉ. ओ पी सामर ने पेच की बावड़ी टोल प्लाजा पर संचालित 1033 एम्बुलेंस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एम्बुलेंस में उपलब्ध आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं, जीवन रक्षक उपकरणों एवं आवश्यक संसाधनों की गहनता से जांच की।
1033 एम्बुलेंस हाईवे पर 24×7 आपातकालीन सेवाओं के लिए तैनात रहती है। सड़क दुर्घटना सहित किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में मौके पर पहुंचकर मरीज को तत्काल प्राथमिक एवं जीवन रक्षक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. सामर ने एम्बुलेंस में उपलब्ध ऑक्सीजन सिलेंडर, जीवन रक्षक उपकरणों, आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सामग्री की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उपकरणों की कार्यशीलता, दवाइयों की उपलब्धता तथा एम्बुलेंस की स्वच्छता एवं रखरखाव की भी जांच की।
उन्होंने एम्बुलेंस स्टाफ को निर्देश दिए कि सभी जीवन रक्षक उपकरण हमेशा क्रियाशील स्थिति में रहें तथा आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे। आपातकालीन स्थिति में किसी भी प्रकार की कमी के कारण मरीज को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
सीएमएचओ ने कहा कि हाईवे पर दुर्घटना अथवा अन्य आपातकालीन स्थिति की सूचना मिलते ही 1033 एम्बुलेंस को तत्काल मौके पर पहुंचकर मरीज को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करानी है। आवश्यकता के अनुसार मरीज को निकटतम उपयुक्त चिकित्सा संस्थान तक सुरक्षित एवं शीघ्र पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने एम्बुलेंस को हर समय आपातकालीन सेवा के लिए तैयार रखने, नियमित रूप से जीवन रक्षक उपकरणों एवं ऑक्सीजन व्यवस्था की जांच करने तथा एम्बुलेंस की साफ-सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ. सामर ने कहा कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में समय की महत्वपूर्ण भूमिका है। 1033 एम्बुलेंस की तत्परता और उपलब्ध संसाधनों की नियमित जांच से हाईवे पर दुर्घटना एवं अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा सकेगा।