दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार में छिपा था 46 किलो डोडा पोस्त

जैतारण पुलिस की कार्रवाई, लावारिस वाहन से तीन कट्टों में मिला मादक पदार्थ; तस्कर मौके से फरार

अनिल कुमार खींची

ब्यावर/जैतारण। स्मार्ट हलचल।अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जैतारण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बर-जोधपुर हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली स्विफ्ट कार से 46.180 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने डोडा पोस्त के साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहन और उसमें मिली दो नंबर प्लेट भी जब्त की हैं। वाहन लावारिस हालत में मिला, जबकि उसमें सवार अज्ञात तस्कर मौके से फरार हो गए।पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर को थानाधिकारी नरेश कुमार को सूचना मिली कि बर-जोधपुर हाईवे पर शिव शंकर होटल के पास सफेद रंग की स्विफ्ट कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में लावारिस पड़ी है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में तीन प्लास्टिक के कट्टे मिले। कट्टों में भरे डोडा पोस्त का कुल वजन 46.180 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस ने मादक पदार्थ, दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार तथा वाहन में मिली दो नंबर प्लेट को जब्त कर लिया। मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रकरण का अनुसंधान वृताधिकारी जैतारण रमेन्द्र सिंह हाड़ा द्वारा किया जा रहा है। पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज डॉ. रवि सभरवाल एवं पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया तथा वृताधिकारी जैतारण रमेन्द्र सिंह हाड़ा के सुपरविजन में थानाधिकारी नरेश कुमार के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई टीम में थानाधिकारी नरेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक मोहनलाल, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह व संजय तथा कांस्टेबल विकास, प्रहलाद, किशनाराम और शिवनारायण शामिल रहे।