दशहरा-दीपावली पर ब्यावर में सफाई और रोशनी व्यवस्था होगी चाक-चौबंद

सभापति पुष्पा बल्दुआ ने अधिकारियों को दिए विशेष सफाई अभियान और आवारा पशुओं पर नियंत्रण के निर्देश

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।दशहरा एवं दीपावली पर्व को देखते हुए नगर परिषद ने शहर में सफाई, रोशनी और आवारा पशुओं की रोकथाम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को नगर परिषद में सभापति श्रीमती पुष्पा जयकिशन बल्दुआ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पर्व के दौरान शहर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।सभापति ने वार्ड संख्या 1 से 60 तक दीपावली के मद्देनजर विशेष सफाई अभियान चलाकर संपूर्ण सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रिक्त पदों और नए वार्डों की आवश्यकता को देखते हुए निविदा प्रक्रिया के माध्यम से 100 नए सफाई कर्मचारियों सहित कुल 300 सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था करने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। इस व्यवस्था पर करीब एक करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कर्मचारियों को हाथ ट्रॉली सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में शहर की रोशनी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी वार्डों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने तथा नए वार्डों में आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए। इस कार्य पर करीब 50 लाख रुपए खर्च होने की संभावना है।

आवारा पशुओं पर भी रहेगी नजर

बैठक में शहर में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर भी चर्चा हुई। सभापति ने आवारा पशुओं की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष योजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान आमजन को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

सभापति ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि दशहरा एवं दीपावली के दौरान शहर में स्वच्छता, रोशनी सहित सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं बेहतर रहें और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

बैठक में आयुक्त कीर्ति कुमावत, राजस्व अधिकारी मोहिन्द्र राय फुलवारी, कनिष्ठ अभियंता कपिल गोरा, उपसभापति दीक्षांत हरचंदानी सहित पार्षद नरेश कनोजिया, तुलसीराम, रवि टांक, दिनेश कुमावत, दिनेश भाटी, रूपेश कुमावत सहित अन्य पार्षद एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।