(पंकज पोरवाल)
जोधपुर 53 और हनुमानगढ़ 27 अंकों के साथ क्रमशः दूसरे-तीसरे स्थान पर, दुष्यंत-दिव्या सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|शहर के सुखाड़िया स्टेडियम में तीन दिन तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद 20वीं जूनियर राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता का समापन हुआ। जयपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 177 अंक जुटाकर ओवरऑल चौंपियन का खिताब अपने नाम किया। जोधपुर 53 अंकों के साथ दूसरे और हनुमानगढ़ 27 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भीलवाड़ा टीम को सर्वश्रेष्ठ अनुशासन टीम का पुरस्कार मिला। राजस्थान वुशू संघ एवं भीलवाड़ा जिला वुशू संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमंत नोगिया मुख्य अतिथि रहे, जबकि बार एसोसिएशन अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़ ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अथिति तौर पर लोक अभियोजक सेशन न्यायालय रघुनंदन कानावत, गोपाल लाल माली, भारतीय वूशू टीम कोच राजेश कुमार टेलर, स्टेट लेवल दिशा कमेटी के सदस्य उदयलाल माली, जिला यूनेस्को एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष देव किशन आचार्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में जयपुर के दुष्यंत सिंह गुर्जर को सर्वश्रेष्ठ बालक तथा जालोर की दिव्या सोनी को सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ी चुना गया। भीलवाड़ा के हरिओम माली ने 90 किग्रा बालक वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि मेघना अमेरिया ने 65 किग्रा बालिका वर्ग में रजत पदक हासिल किया। जिला संघ अध्यक्ष गौरव आचार्य ने सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया। संचालन मधु लोढ़ा ने किया।