उदयपुर संभाग के सात जिलों की ‘समग्र शिक्षा’ संभाग स्तरीय कार्यशाला संपन्न

उदयपुर 6 अक्टूबर|स्मार्ट हलचल|अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय, समग्र शिक्षा, उदयपुर के तत्वावधान में आज राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, जयपुर के निर्देशानुसार उदयपुर संभाग की एक दिवसीय संभाग स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला प्रतापनगर स्थित पेसिफिक इंजीनियरिंग कॉलेज के रमन हॉल में आयोजित हुई।एडीपीसी कुंज बिहारी भारद्वाज के अनुसार कार्यशाला में वार्षिक कार्ययोजना, बजट और डिजिटल मॉड्यूल पर मंथन हुआ।कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य समग्र शिक्षा के वार्षिक कार्ययोजना व बजट 2026-27 के तहत अनुमोदित गतिविधियों का समय पर नियमसम्मत व्यय सुनिश्चित करना था। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण डिजिटल मॉडयूल्स जैसे—प्रबंध पोर्टल, यूडाईस, एसएनए और स्पर्श पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि (एंट्री) की समीक्षा की गई तथा उपस्थित अधिकारियों व कार्मिकों को इस संबंध में तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।

प्रभारी एपीसी राजेंद्र प्रसाद नायक ने बताया कि इस एक दिवसीय गैर-आवासीय कार्यशाला में उदयपुर संभाग के सभी सात जिलों (उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, राजसमंद, प्रतापगढ़ एवं चित्तौड़गढ़) के संभागियों ने भाग लिया। कार्यशाला में जिला कार्यालयों से सहायक परियोजना समन्वयक, कार्यक्रम अधिकारी,प्रभारी, लेखाधिकारी, कनिष्ठ अभियंता व जिला एमआईएस अधिकारियों सहित ब्लॉक कार्यालयों से समग्र शिक्षा आर.पी., कनिष्ठ लेखाकार, ब्लॉक एमआईएस और चयनित पीईईओ स्तर के अधिकारियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद जयपुर से सुभाष सांखला (उपनिदेशक योजना),संजय शर्मा सहायक निदेशक(यू डायस )तथा प्रबंध पोर्टल के कंसल्टेंट नीतेश त्रिपाठी ने संबंधित विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया।
संभाग स्तरीय प्रशिक्षण के सफल समापन के बाद विभाग द्वारा आगामी दिनों में जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर भी इसी प्रकार की कार्यशालाओं का विकेंद्रीकृत आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।