राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण पर जोर

जैतारण में न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं की बैठक, सुलह-समझौते से मामलों के त्वरित निस्तारण पर हुई चर्चा

अनिल कुमार खींची

ब्यावर / जैतारण। स्मार्ट हलचल|तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत 10 अक्टूबर 2026 एवं ‘मीडिएशन : फॉर द नेशन 3.0’ को लेकर जैतारण तालुका स्थित न्यायालयों के न्यायिक अधिकारियों एवं बार संघ के अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ब्यावर के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री हारून ने की।बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ब्यावर की सचिव श्रीमती सोनल पारीख सहित न्यायिक अधिकारी, बार संघ के पदाधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे। अध्यक्ष ने राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों पर चर्चा करते हुए राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मध्यस्थता के माध्यम से अधिकाधिक मामलों का आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण कराने पर जोर दिया।

उन्होंने न्यायिक अधिकारियों को एमएसीटी, राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, धारा 138 एनआई एक्ट, दीवानी एवं वैवाहिक मामलों सहित वित्तीय संस्थाओं से जुड़े प्री-लिटिगेशन एवं लंबित प्रकरणों को चिन्हित कर प्री-काउंसलिंग के माध्यम से निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र मामलों को अधिकाधिक संख्या में मध्यस्थता केंद्र पर भेजने के निर्देश दिए गए।

बार संघ के अधिवक्ताओं ने भी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मध्यस्थता के माध्यम से मामलों के अधिकाधिक निस्तारण में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।