एक साल से अटके बिजली कनेक्शन, अब जांच की मांग

स्पेस चार्ज के बावजूद डिमांड नहीं, यूआईटी अप्रूव्ड नक्शे की शर्त पर भी सवाल

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|उपनगर पुर सहित जिले की कृषि कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन के लिए दिए गए सैकड़ों आवेदन 6 माह से एक साल तक से अटके हैं। आवेदकों का आरोप है कि नियमों के तहत स्पेस चार्ज लेकर कनेक्शन देने का प्रावधान होने के बावजूद विभाग पात्र आवेदकों को डिमांड जारी नहीं कर रहा।
राष्ट्रीय मानवाधिकार पर्यावरण सुरक्षा एवं भ्रष्टाचार निवारण संगठन के जिला अध्यक्ष रतनलाल आचार्य ने कलेक्टर के पीए नितिन शर्मा और एवीवीएनएल के मुख्य अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन देकर लंबित आवेदनों की उच्चस्तरीय जांच और समयबद्ध निस्तारण की मांग की।
आवेदकों ने यूआईटी अप्रूव्ड नक्शे की अनिवार्यता पर भी सवाल उठाते हुए स्पष्ट नियम सार्वजनिक करने की मांग की। उनका कहना है कि पहले इसी तरह की कृषि कॉलोनियों में स्वीकृति के बाद कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं, फिर अब अतिरिक्त दस्तावेजों के नाम पर आवेदन क्यों रोके जा रहे हैं?
संगठन ने चेताया कि लंबे समय तक कनेक्शन नहीं मिलने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ रही है और अनधिकृत विद्युत उपयोग व विभागीय राजस्व नुकसान की आशंका भी बनी हुई है। ज्ञापन में जिम्मेदारी तय
कर पात्र आवेदकों को तत्काल कनेक्शन देने की मांग की गई।