दो चरणों में होगा पंचायतराज चुनाव का रण, 16 पंचायत समितियों में मतदान

पहले चरण में 326 ग्राम पंचायतों के 177 सदस्य, दूसरे चरण में 185 ग्राम पंचायतों के 111 सदस्य चुने जाएंगे

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|पंचायतराज चुनाव-2026 को लेकर जिले में चुनावी प्रक्रिया का खाका साफ हो गया है। 16 पंचायत समितियों में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 9 पंचायत समितियों की 326 ग्राम पंचायतों के 177 पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 7 पंचायत समितियों की 185 ग्राम पंचायतों में 111 पंचायत समिति सदस्य चुने जाएंगे।
पहले चरण में बिजौलियां, जहाजपुर, खजूरी, कोटड़ी, मांडलगढ़, बनेड़ा, करेड़ा, मांडल और सुवाणा पंचायत समितियां शामिल हैं। इनमें क्रमश: 15, 17, 15, 27, 21, 17, 17, 21 और 27 पंचायत समिति सदस्यों के लिए चुनाव होगा।
दूसरे चरण में फुलियाकलां, रायपुर, सहाड़ा, शाहपुरा, आसींद, हुरड़ा और शंभूगढ़ पंचायत समितियों में मतदान होगा। इनमें क्रमश: 15, 15, 19, 15, 15, 17 और 15 पंचायत समिति सदस्य चुने जाएंगे।
यानी जिले में दो चरणों में 288 पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के साथ ग्राम पंचायत स्तर पर भी चुनावी गतिविधियां तेज होंगी। चुनाव कार्यक्रम के साथ ही गांवों में सियासी हलचल और दावेदारों की सक्रियता बढ़ने के आसार हैं।