कान्हा गौशाला की अव्यवस्थाओं पर डीएम नाराज, 10 दिन में सुधार के निर्देश

 

टीनशेड के नीचे धंसा खड़ंजा मिला, बिजली कनेक्शन और पशु शवदाह स्थल समेत कई व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर नौ चंद्रशेखर आजाद नगर मनकापुर में संचालित कान्हा गौशाला का जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को निरीक्षण किया। शिकायत के बाद पहुंचीं जिलाधिकारी को गौशाला में कई अव्यवस्थाएं मिलीं। व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए 10 दिन के भीतर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला के टीनशेड के नीचे बिछे खड़ंजे का जायजा लिया। कई स्थानों पर खड़ंजा धंसा मिला और निर्माण कार्य भी मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खड़ंजे को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। गौशाला में चारा काटने की मशीन के लिए बिजली का उपयोग बिना मीटर के किए जाने की जानकारी मिलने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और व्यवस्था को नियमानुसार कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा गौशाला में पशु शवदाह स्थल और पशु चिकित्सक के सामने बनाए जा रहे अड़गड़ा सहित अन्य निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं को लेकर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को लेकर उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक सुधार तत्काल कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने पूर्व में 18 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित अस्थायी गौशाला के निर्माण से संबंधित मामले को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने इस संबंध में जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों को निर्माण से संबंधित अभिलेख और कार्य की स्थिति की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बताया गया कि कान्हा गौशाला का उद्घाटन नवरात्र के दौरान प्रस्तावित था, लेकिन निरीक्षण के दौरान कई कार्य अधूरे और व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशाला में सभी आवश्यक कार्यों और व्यवस्थाओं को 10 दिन के भीतर दुरुस्त किया जाए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को 10 दिन बाद दोबारा गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के साथ मुख्य विकास अधिकारी, एसडीएम खागा, तहसीलदार खागा तथा नगर पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे।