मोबाइल एसोसिएशन ने नवनिर्वाचित नगर पालिका पदाधिकारियों एवं पार्षद का किया स्वागत-सम्मान

गंगापुर…….स्मार्ट हलचल|मोबाइल एसोसिएशन गंगापुर की ओर से बालाजी बावड़ी मंदिर परिसर में नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति लखन काकानी, उपाध्यक्ष रश्मि चौहान एवं संगठन के सदस्य तथा नवनिर्वाचित पार्षद राम प्रसाद माली का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मोबाइल एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति लखन काकानी ने कहा कि गंगापुर शहर के सर्वांगीण विकास के लिए पालिका बोर्ड पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विकास के प्रथम चरण में बिजली, पानी एवं सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद शहर में आवश्यकतानुसार अन्य विकास कार्यों को भी गति दी जाएगी। उन्होंने शहर के जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों से आह्वान किया कि गंगापुर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने में पालिका का सहयोग करें।
नगर पालिका उपाध्यक्ष रश्मि चौहान ने कहा कि शहर की किसी भी समस्या के समाधान के लिए नागरिक सीधे जनप्रतिनिधियों को अवगत करा सकते हैं। समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
नवनिर्वाचित पार्षद एवं मोबाइल एसोसिएशन के सदस्य राम प्रसाद माली ने स्वागत-सम्मान के लिए संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गंगापुर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए पालिका बोर्ड और शहरवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया जाएगा। जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सदैव सकारात्मक प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन संगठन के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र बंसल ने किया। संगठन के वर्तमान अध्यक्ष महावीर अग्रवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षद का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर मोबाइल एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।