ईपीएल प्रीमियर लीग के ऑक्शन में 6 टीमों ने उतारे दांव, 9 से शुरू होगा मुकाबलों का रोमांच

हर टीम को मिला 1 करोड़ पॉइंट्स का वॉलेट, 50 लाख पॉइंट्स में बिके योगेश जांगिड, सरीन सुपरकिंग्स ने लगाया सबसे बड़ा दांव

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|मैदान पर चौके-छक्कों का रोमांच शुरू होने से पहले ही ईपीएल प्रीमियर लीग में खिलाड़ियों की बोली ने क्रिकेट का तापमान बढ़ा दिया। इंजीनियर वेलफेयर सोसाइटी की ओर से हुए मेगा ऑक्शन में 6 टीमों के मालिकों ने पसंदीदा खिलाड़ियों पर जमकर दांव लगाया। सबसे बड़ी बोली योगेश जांगिड पर लगी, जिन्हें सरीन सुपरकिंग्स ने 50 लाख पॉइंट्स में अपने नाम किया। इंजीनियर वेलफेयर सोसाइटी अध्यक्ष अनूप कुमार सोमानी ने बताया कि क्रिकेट के मैदान पर उतरने से पहले ही ईपीएल प्रीमियर लीग का रोमांच खिलाड़ियों के ऑक्शन में नजर आया। ऑक्शन के दौरान खिलाड़ियों को लेकर टीम मालिकों के बीच खूब प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। ऑक्शन में प्रत्येक टीम को 1 करोड़ पॉइंट्स का वॉलेट बैलेंस दिया गया था। इसी बजट के आधार पर टीम मालिकों ने खिलाड़ियों पर दांव लगाया। सबसे बड़ी बोली लगाकर योगेश जांगिड को अपनी टीम में शामिल करने के साथ सरीन सुपरकिंग्स ने ऑक्शन में खास सुर्खियां बटोरीं। प्रतियोगिता में 6 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें व्यास टाइटंस के ओनर प्रदीप व्यास, सरीन सुपरकिंग्स के ओनर मोहित सरीन, एपी स्ट्राईकर के ओनर अमित दीवेदी व प्रवीण पारख, एवीएस चैलेंजर्स के ओनर सुरेश सुवालका व विशाल, शुभम नाइटराइडर्स के ओनर अभिषेक बाहेती तथा मैकनो वॉरियर के ओनर ईशान मेहता व जय मेघनानी हैं। सोमानी ने बताया कि ईपीएल प्रीमियर लीग का शुभारंभ 9 अक्टूबर 2026 से होगा। फाइनल मुकाबला 11 अक्टूबर को खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों के साथ टीम मालिकों में भी खासा उत्साह है और सभी टीमें मैदान पर दमदार प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। ऑक्शन के दौरान सोसाइटी कमेटी सदस्य पीयूष जैन, आबिद हुसैन, अक्षय टोंग्या, चंद्रदीप सिंह, विनोद वाली, राजेश जैन एवं कमलेश्वर अँछरा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। खिलाड़ियों के ऑक्शन के साथ ही ईपीएल को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भी उत्सुकता बढ़ गई है।