दूधिया राजू गुर्जर हत्याकांड का त्वरित पर्दाफाश-दो नाबालिग आरोपी पुलिस हिरासत में-मृतक के परिचित ही निकले दोनों नाबालिग आरोपी

लिफ्ट मांगने के बहाने दूधिया को रुकवाया और पीछे से सिर में कुल्हाड़ी से किया था हमला; चाकू से कान काटकर मुरकियां लूटीं, वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी कुएं में फेंकी

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/बनेठा। स्मार्ट हलचल|जिले के उनियारा सर्किल अंतर्गत बनेठा थाना क्षेत्र में दूधिया राजूलाल पुत्र नेहनूलाल गुर्जर, निवासी धाबाइयों की झोपड़ियां, ग्राम पंचायत रूपवास की 5 अक्टूबर, सोमवार अलसुबह हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के महज 48 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले में शामिल बताए जा रहे दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपी मृतक के परिचित बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों नाबालिग आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं उनकी उम्र की पुष्टि के लिए पुलिस ने दोनों का स्कूल रिकॉर्ड भी मंगवाया गया है।
*लिफ्ट मांगने के बहाने रुकवाया, पीछे से सिर में किया हमला*
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार दोनों नाबालिग आरोपियों ने दूध लेकर जा रहे राजूलाल गुर्जर को रास्ते में लिफ्ट मांगने के बहाने रुकवाया था। इसके बाद पीछे से धारदार कुल्हाड़ी से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने चाकू से उसके कान काटकर कानों में पहनी हुई मुरकियां लूट लीं और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को आरोपियों द्वारा एक कुएं में फेंक दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
*मृतक से दूध खरीदते थे आरोपियों के परिजन*
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों नाबालिग आरोपियों के परिजन मृतक राजूलाल गुर्जर से दूध खरीदते थे। दोनों आरोपी धाबाइयों की झोपड़ियां, रूपवास के समीप बनेठा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों आरोपियों की नजर कुछ समय से मृतक राजू गुर्जर के कानों में पहनी सोने की मुरकियों पर टिकी हुई थी, जिसके चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। ऐसे में पुलिस अब हत्या के पीछे के कारण और वारदात की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए दोनों नाबालिगों को चिन्हित कर हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
*आज 8 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में हो सकता है आधिकारिक खुलासा*
मामले में पुलिस द्वारा आज 8 अक्टूबर को संभावित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आधिकारिक खुलासा किए जाने की संभावना है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस वारदात के कारण, दोनों आरोपियों की भूमिका, लूटी गई कानों के मुरकियों की बरामदगी तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार से संबंधित जानकारी सहित जांच के अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा कर सकती है। पुलिस के आधिकारिक खुलासे के बाद ही हत्याकांड की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दोनों नाबालिग आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।