भीलवाड़ा(महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|सही खानपान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान के तहत खाद्य विभाग ने बुधवार को जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात स्कूलों व संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। तीन टीमों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की।
सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा के अनुसार टीमों ने विटी इंटरनेशनल स्कूल, अक्षय पात्र फाउंडेशन, बैथम मिशन स्कूल, महात्मा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बापूनगर, वर्धमान स्कूल, अग्रसेन विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल और अंबेडकर आवासीय विद्यालय आटूण का निरीक्षण किया।
23 हजार बच्चों के भोजन की जांच
अक्षय पात्र फाउंडेशन में रोजाना करीब 23 हजार विद्यार्थियों के लिए तैयार होने वाले भोजन की निर्माण प्रक्रिया, कच्चे माल के रख-रखाव और स्वच्छता व्यवस्था को जांचा गया।
सैंपल जांच के लिए अजमेर भेजे
टीमों ने चावल, दाल, तेल, बेसन, हल्दी और नमक समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सभी सैंपल जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला अजमेर भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी। खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों का मौके पर ही खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत पंजीकरण भी किया गया।
सीएमएचओ ने कहा कि अभियान का मकसद विद्यार्थियों और आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। जिले में निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।