मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन भी किया जब्त, मुख्य सप्लायर की तलाश जारी
(अमर चन्द बैरवा)
दौसा|स्मार्ट हलचल|बालाहेड़ी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1.5 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्मैक के अलावा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस अब मामले में स्मैक के मुख्य सप्लायर और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।जिला पुलिस अधीक्षक दौसा कुन्दन कंवरिया आईपीएस एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल मीना आरपीएस के निर्देश तथा महवा वृत्ताधिकारी अनूप सिंह आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी सत्यनारायण पु.नि. के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 6 अक्टूबर को थाना बालाहेड़ी की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान करणपुर मोड़, एनएच-21 पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 1.5 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई। इस पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी रामप्रसाद उर्फ नाथु पुत्र लालचंद, उम्र 25 वर्ष, निवासी पाटोली, थाना बालाहेड़ी, जिला दौसा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल नंबर RJ29HS1024 तथा ओप्पो A17 एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर स्मैक के मुख्य सप्लायर और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
कार्रवाई में थानाधिकारी सत्यनारायण के साथ हेड कांस्टेबल जलसिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल रविन्द्र तथा कांस्टेबल संजीव शामिल रहे।