मानपुर पुलिस व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, 3.470 किलो डोडा-पोस्त चूरा बरामद

एक आरोपी गिरफ्तार, इलेक्ट्रॉनिक कांटा व बिक्री में प्रयुक्त पन्नियां भी जब्त

(अमर चन्द बैरवा)

दौसा|स्मार्ट हलचल|अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानपुर थाना पुलिस और डीएसटी दौसा की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे तथा उसके मकान के कमरे से कुल 3 किलो 470 ग्राम डोडा-पोस्त चूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ की बिक्री में उपयोग किया जा रहा इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा विभिन्न आकार की खाली पन्नियां भी जब्त की गई हैं।जिला पुलिस अधीक्षक दौसा कुन्दन कंवरिया आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल आरपीएस एवं वृत्ताधिकारी मानपुर अशोक कुमार मीना आरपीएस के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी मानपुर मांगीलाल पु.नि. के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं डीएसटी दौसा ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए संतोष कुमार गुप्ता पुत्र छगनलाल गुप्ता, उम्र 40 वर्ष, निवासी मरियाडा, थाना मानपुर, जिला दौसा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे एवं मकान की तलाशी के दौरान डोडा-पोस्त चूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसकी बिक्री किन लोगों को की जा रही थी।

कार्रवाई में शामिल टीम: थानाधिकारी मांगीलाल, डीएसटी के सउनि प्रदीप, मानपुर थाने के सउनि हरिओम, हैड कांस्टेबल नेहरुलाल तथा कांस्टेबल नरेश एवं चालक कांस्टेबल मुकेश कुमार शामिल रहे।