घटना के बाद फरार होकर रिश्तेदारी में छिपा हुआ था आरोपी, बालाहेड़ा के जंगलों से आरोपी को दबोचा*
(अमर चन्द बैरवा)
दौसा|स्मार्ट हलचल|बैजूपाड़ा थाना पुलिस ने दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज होने के महज 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बालाहेड़ा क्षेत्र के जंगलों से दस्तयाब किया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी रिश्तेदारी में छिपा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को अनुसंधान के बाद न्यायालय में पेश किया।जिला पुलिस अधीक्षक दौसा कुन्दन कंवरिया आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल मीना आरपीएस तथा वृत्ताधिकारी बांदीकुई लक्ष्मीकांत शर्मा आरपीएस के निकटतम सुपरविजन में बैजूपाड़ा थाना प्रभारी मनीषा उपनिरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को परिवादिया ने थाने में रिपोर्ट दी कि 3 अक्टूबर की सुबह करीब 9:10 बजे वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी कुलदीप मीना उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी ने मोबाइल से उसका वीडियो भी बनाया तथा घटना के बारे में किसी को बताने पर बदनाम करने और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। परिवादिया ने यह भी आरोप लगाया कि घटना से कुछ दिन पहले आरोपी ने रात के समय फोन कर उसे बुलाया था और वहां भी उसके साथ गलत काम किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान 6 अक्टूबर को आरोपी के बालाहेड़ा क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली। सूचना पर थाना प्रभारी मय जाप्ता निजी वाहन से मौके पर पहुंचीं और बालाहेड़ा के जंगलों में तलाश कर आरोपी कुलदीप पुत्र बालूराम मीना, उम्र 20 वर्ष, निवासी बिवाई, थाना बैजूपाड़ा, जिला दौसा को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मामले में आरोपी की गिरफ्तारी महज 36 घंटे में हो गई। प्रकरण में अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई करने वाली टीम
थाना प्रभारी मनीषा उपनिरीक्षक के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक लोकेश कुमार व हंसराज तथा कांस्टेबल बदडनलाल, अजीत सिंह, कमल कुमार, कमलेश, खुशीराम और चालक कांस्टेबल वीरपाल की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।