विधायक रामकेश मीणा व सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने पीड़ित से मुलाकात कर पूछी कुशलक्षेम, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
मदन मोहन गर्ग
गंगापुर सिटी। स्मार्ट हलचल।मंगलवार रात करीब 10 बजे पटवा बाजार में हुई चाकूबाजी की घटना को लेकर विधायक रामकेश मीना ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना।
विधायक रामकेश मीना, नगर परिषद सभापति कृष्णकुमार गोयल, उपसभापति मुजाहिद खान, नगर परिषद के पार्षदगण एवं शहर के व्यापारीगण पटवा बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने चाकूबाजी की घटना में घायल हुए योगेेन्द्र जंगम से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायक ने घटना के संबंध में पूरी जानकारी लेते हुए घायल हुए अन्य व्यक्तियों का भी हाल जाना तथा जल्द से जल्द आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया। इसके पश्चात विधायक रामकेश मीना के निवास पर शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने शहर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर अपनी सुरक्षा पर गंभीर चिंता व्यक्त की तथा प्रशासन एवं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। बैठक में व्यापारिक संगठनों की सहमति से निर्णय लिया गया कि दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10ः00 बजे बालाजी चौक पर शहर के सभी व्यापारिक संगठन, नगर परिषद के पार्षदगण एवं आमजन एकत्रित होंगे। इसके बाद सभी लोग रैली के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, गंगापुर सिटी के कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपेंगे और पटवा बाजार की चाकूबाजी की घटना का विरोध दर्ज कराएंगे।विधायक रामकेश मीना ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करवाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी तथा शहर के व्यापारियों और आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उक्त मीटिंग में नगरपरिषद उपसभापति मुजाहिद खान, पार्षद भरतलाल मीना, मनोज महावर, रसीद, विष्णु सैनी, विजेन्द्र बमनावत, रतन, बुधराम मीना, पटवा बाजार अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा (वीरू), जंगम समाज अध्यक्ष वीरेन्द्र जंगम, खारी बाजार अध्यक्ष हरिओम भगत, इन्द्रा मार्केट अध्यक्ष कृष्णकुमार झाम, सुनील लेदिया वाले, वेदप्रकाश सोनी, बजाजा ट्रस्ट अध्यक्ष राकेश गुप्ता, बजाजा ट्रस्ट मंत्री धर्मदेव आर्य, रेडिमेड व्यापार अध्यक्ष रविन्द्र खण्डेलवाल, त्रिलोकचन्द खण्डेलवाल आदि व्यापारी संगठन उपस्थित थे।